29 मई की बड़ी खबरें और अपडेट्स
भारत और दुनिया की बड़ी खबरें एक साथ, एक ही जगह पढ़ने के लिए आप सही पेज पर हैं.
भारत और दुनिया की बड़ी खबरें एक साथ, एक ही जगह पढ़ने के लिए आप सही पेज पर हैं. इस लाइव ब्लॉग को हम लगातार अपडेट कर रहे हैं, ताकि ताजा खबरें आप तक पहुंचा सकें.डॉनल्ड ट्रंप ईरान डील को मंजूरी देंगे या नहीं अभी अनिश्चितः जेडी वैंस
डॉनल्ड ट्रंप ईरान डील को मंजूरी देंगे या नहीं अभी अनिश्चितः जेडी वैंस
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वैंस ने गुरुवार को कहा है कि राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप संभावित डील को मंजूरी देंगे या नहीं, यह अभी तय नहीं है. इससे पहले अमेरिकी अधिकारियों ने कहा था कि ईरान युद्ध को खत्म करने की रूपरेखा पर दोनों पक्ष सहमति के बहुत करीब पहुंच गए हैं. ज्वाइंट बेस एंड्रूज पर वैंस ने पत्रकारों से कहा कि वार्ताकारों ने "काफी प्रगति की है" लेकिन कुछ बिंदुओं पर अब भी चर्चा हो रही है, इनमें ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर पाबंदियां शामिल हैं.
वैंस ने कहा, "हम उनके साथ आगे पीछे जा रहे हैं. हमारा यह जरूर मानना है कि भरोसे के साथ बातचीत हो रही है, कम से कम अब तक और हमने कुछ प्रगति की है." इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वह इस बात को लेकर निश्चिंत नहीं हैं कि ट्रंप संभावित डील पर दस्तखत करेंगे या नहीं. वैंस का कहना है, "मेरे ख्याल से यह कहना कठिन है कि राष्ट्रपति कब या एमओयू (सहमति के दस्तावेज) पर दस्तखत करेंगे या नहीं."
इससे पहले गुरुवार को न्यूज आउटलेट आक्सियोस ने खबर दी थी कि अमेरिकी और ईरानी वार्ताकार सहमति की एक रूपरेखा पर तैयार हो गए हैं, जो संघर्षविराम को आगे बढ़ाएगा और ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत शुरू करेगा. कथित रूप से इसके लिए 60 दिन का समय तय किया गया है. अमेरिकी सूत्रों ने इस रिपोर्ट में कही गई बातों की पुष्टि की थी.
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि सहमति की शर्तों को मंगलवार को ही अंतिम रूप दे दिया गया. हालांकि, दोनों पक्षों को राजनीतिक नेतृत्व से इसकी मंजूरी लेना बाकी है. वहीं, ईरान के रेवॉल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स की करीबी मानी जाने वाली तस्नीम न्यूज एजेंसी ने वार्ताकारों की टीम से जुड़े एक सूत्र के हवाले से खबर दी थी कि कोई शुरुआती समझौता तय या पुष्ट नहीं हुआ है.