1 मई की बड़ी खबरें और अपडेट्स

भारत और दुनिया की बड़ी खबरें एक साथ, एक ही जगह पढ़ने के लिए आप सही पेज पर हैं.

प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credit: Image File)

भारत और दुनिया की बड़ी खबरें एक साथ, एक ही जगह पढ़ने के लिए आप सही पेज पर हैं. इस लाइव ब्लॉग को हम लगातार अपडेट कर रहे हैं, ताकि ताजा खबरें आप तक पहुंचा सकें.आंग सान सू की जेल से निकल कर नजरबंदी में

पश्चिम बंगाल: टीएमसी ने लगाए ईवीएम से छेड़छाड़ के आरोप, अधिकारियों ने कहा 'स्ट्रॉन्ग रूम पूरी तरह सुरक्षित'

जर्मनी में दक्षिणपंथी हिंसा के सबसे ज्यादा मामले, 9 साल में सबसे ज्यादा 2025 में

मध्य प्रदेश: जबलपुर के बरगी डैम में क्रूज पलटा, 9 लोगों की मौत

वेनेजुएला ने अमेरिकी तेल कंपनियों के साथ समझौता किया

जर्मनी में टैक्स छूट लागू होने के बाद पेट्रोल-डीजल के दाम घटे

वेनेजुएला ने अमेरिकी तेल कंपनियों के साथ समझौता किया

वेनेजुएला की सरकार ने तेल और गैस का उत्पादन बढ़ाने के लिए अमेरिकी कंपनियों से समझौते किए हैं. अमेरिका और वेनेजुएला के बीच स सात साल बाद विमान सेवा भी शुक्रवार को शुरू हो गई. अमेरिका के साथ निकोलस मादुरो के दौर में जो वेनेजुएला का तनाव बढ़ा था उसके खत्म होने का संकेत इन समझौतों को माना जा रहा है. दक्षिण अमेरिकी देश का नेतृत्व फिलहाल अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगुएज के हाथ में है जो अमेरिका के दबाव में राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की मांगों को पूरा करने में सहयोग कर रही हैं.

डॉनल्ड ट्रंप वेनेजुएला के तेल संसाधनों तक अमेरिकी कंपनियों की पहुंच हासिल करना चाहते हैं. रोड्रिगुएज मादुरो की शासन में उप राष्ट्रपति थीं. अमेरिकी सैनिकों ने इसी साल जनवरी में मादुरो का अपहरण कर अमेरिका ले गए थे. रोड्रिगुएज के सामने अब दुनिया के सबसे बड़े तेल भंडार वाले देश की खराब अर्थव्यवस्था को संभालने की चुनौती है.

वेनेजुएला में तेल का उत्पादन बढ़ाने की संभावना ऐसे वक्त में आई है जब ईरान युद्ध की वजह से दुनिया मध्यपू्र्व के देशों से तेल की सप्लाई घटने का संकट झेल रही है.

नए समझौतों के मुताबिक अमेरिकी कंपनी हंट ओवरसीज ऑयल और क्रॉसओवर एनर्जी ओरिनोको बेल्ट में काम करेंगी. यहां पर वेनेजुएला के तेल भंडार मौजूद हैं. रोड्रिगुएज का कहना है कि ये समझौते वहां किए गए हैं "जहां अमेरिका और वेनेजुएला के हित साथ आते हैं."

वेनेजुएला ने ऊर्जी क्षेत्र में उदारीकरण की शुरुआत करने के बाद कई बहुराष्ट्रीय तेल कंपनियों के साथ समझौतों पर दस्तखत किए हैं इनमें शेवरॉन, एनी और रेप्सोल शामिल हैं. गुरुवार को काराकस आए अमेरिकी दूत जेरॉड ऑएगेन ने समझौतों पर दस्तखत के बाद कहा कि दोनों देशों के बीच सात सालों के बाद विमान सेवा शुरू कर दी गई है. शुक्रवार को एनवॉय एयरलाइंस ने अमेरिका से वेनेजुएला के लिए उड़ान भरी.

जर्मनी में टैक्स छूट लागू होने के बाद पेट्रोल-डीजल के दाम घटे

जर्मनी में ईंधन पर टैक्स में कटौती के बाद नई दरें पेट्रोल पंपों पर शुक्रवार से लागू हो गई हैं. जर्मन सांसदों ने पिछले महीने टैक्स में कटौती को मंजूरी दी थी. ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से यहां पेट्रोल और डीजल के दाम काफी ज्यादा बढ़ गए हैं. टैक्स कटौती में यह छूट जून के आखिर तक के लिए दी गई है.

जर्मन ऑटोमोबाइल एसोसिएशन एडीएसी के पेट्रोल स्टेशन ऐप के मताबिक शुक्रवार सुबह कई जगहों पर पेट्रोल की कीमत 2 यूरो प्रति लीटर से नीचे चली गई. खास तौर से ई10 पेट्रोल की और कुछ जगहों पर डीजल की भी.

होर्मुज का रास्ता बंद होने की वजह से दुनिया भर में ऊर्जा की सप्लाई पर असर पड़ा है. जर्मनी में यह संकट यूक्रेन युद्ध के समय से ही शुरू हो गया था. ईरान युद्ध के बाद यहां मामला और ज्यादा बिगड़ गया.

जर्मन सरकार ने 17 सेंट के टैक्स छूट की घोषणा की है. हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इसका पूरा फायदा ग्राहकों को मिलेगा या नहीं.

विशेषज्ञों को उम्मीद है कि पेट्रोल पंपों पर इसका असर धीरे-धीरे नजर आएगा. इसकी एक वजह यह है कि टैक्स में छूट आधी रात के बाद टैंक फार्म या रिफाइनरियों से निकलने वाले तेल पर लागू होती हैं, पेट्रोल पंपों के पास पहले से जो स्टॉक मौजूद है उस पर नहीं.

पश्चिम बंगाल: टीएमसी ने लगाए ईवीएम से छेड़छाड़ के आरोप, अधिकारियों ने कहा 'स्ट्रॉन्ग रूम पूरी तरह सुरक्षित'

कोलकाता में स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेताओं के धरने और ईवीएम से छेड़छाड़ के आरोपों के बीच चुनाव अधिकारियों ने गुरुवार शाम एक बयान जारी किया. बयान में कहा गया कि खुदीराम अनुशीलन केंद्र स्थित सभी ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम में पूरी तरह सुरक्षित, सीलबंद और कड़ी निगरानी में हैं.

चुनाव अधिकारियों ने साफ किया कि वहां केवल पोस्टल बैलेट की छंटनी की प्रक्रिया तय नियमों के तहत की जा रही थी, जिसे गलत तरीके से ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम खोलने के रूप में पेश किया गया.

जर्मनी में बैलेट पेपर से ही क्यों होता है चुनाव, ईवीएम से क्यों नहीं?

बेलियाघाटा विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के संदर्भ में बयान जारी कर कहा कि खुदीराम अनुशीलन केंद्र परिसर में कुल 7 विधानसभा क्षेत्रों के ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम हैं और सभी को मतदान समाप्त होने के बाद उम्मीदवारों, उनके चुनाव एजेंटों और जनरल ऑब्जर्वर की मौजूदगी में सील किया गया था.

इससे पहले ईवीएम से छेड़छाड़ के आरोपों को लेकर टीएमसी के नेता धरने पर बैठ गए थे. टीएमसी ने एक्स पर जारी एक बयान में बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए. पार्टी ने दावा किया कि बीजेपी चुनाव आयोग के साथ मिलकर बैलेट बॉक्स और ईवीएम में छेड़छाड़ कर रही है. टीएमसी ने इस कथित साजिश को "दिनदहाड़े लोकतंत्र की हत्या" करार देते हुए कहा कि निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव की प्रक्रिया को जानबूझकर कमजोर किया जा रहा है.

म्यांमार की पूर्व नेता आंग सान सू की जेल से निकल कर नजरबंदी में

म्यांमार की पूर्व नेता आंग सान सू की को जेल से निकल कर उनके घर में नजरबंद कर दिया गया है. स्थानीय मीडिया ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी. न्यू डे म्यांमार पोर्टल के मुताबिक इस घोषणा का म्यांमार की सरकारी मीडिया पर प्रसारण किया गया.

राष्ट्रपति मिन आंग हाइंग ने सू की की बची हुई सजा को नजरबंदी में बदल दिया है. राष्ट्रपति कार्यालय से जारी एक बयान का हवाला दे कर चैनल न्यूज एशिया ने यह खबर दी है.

सरकारी प्रसारक एमआरटीवी ने एक तस्वीर दिखाई है जिसमें सू की को लकड़ी की एक बेंच पर बैठे देखा जा सकता है, उनके सामने दो और लोग बैठे हैं जिनकी पहचान नहीं बताई गई है. लंबे समय तक बाहरी दुनिया से कटे रहने के बाद जारी हुई यह उनकी पहली तस्वीर है.

सू की की सेहत को लेकर हाल के दौर में चिंता तेजी से बढ़ी है. म्यांमार के कार्यकर्ताओं ने उनके जिंदा होने के सबूत की मांग में अंतरराष्ट्रीय अभियान छेड़ दिया था. संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंटोनियो गुटेरेस ने गुरुवार को लिए गए इस फैसले का स्वागत किया है.

80 साल की सू की को फरवरी, 2021 के सैन्य तख्तापलट के बाद हिरासत में ले लिया गया. उसके बाद से जुंटा ने देश का शासन अपने हाथ में ले लिया. उसके बाद उन्हें लंबे समय के लिए जेल की सजा हुई. इससे पहले भी वह लगभग 15 साल यंगून के अपने घर में नजरबंदी में बिता चुकी हैं. जुंटा का विरोध करने के लिए दुनिया भर में उन्हें ख्याति और 1991 का नोबेल शांति पुरस्कार भी मिला.

बीते कुछ सालों में म्यांमार की जुंटा ने प्रमुख त्यौहारों के मौके पर हजारों कैदियों को माफी दी है. गुरुवार को भी एक बौद्ध पर्व के मौके पर ऐसी माफी दी गई. जिन कैदियों को पूरी तरह से माफ नहीं किया गया उनकी सजा घटाई गई. आंग सान सू की भी इनमें शामिल हैं.

जर्मनी में दक्षिणपंथी हिंसा के सबसे ज्यादा मामले, 9 साल में सबसे ज्यादा 2025 में

जर्मनी की पुलिस ने दक्षिणपंथ से प्रेरित हिंसा के सबसे ज्यादा मामले 2016 के बाद 2025 में दर्ज किए. विपक्षी वामपंथी दल के पूछे एक सवाल के जवाब में सरकार ने यह जानकारी दी है. इस जवाब में कहा गया है कि जर्मनी के संघीय राज्यों में कुल मिला कर 1,598 ऐसे मामले संघीय अपराध पुलिस कार्यालय (बीकेए) 31 जनवरी 2026 तक दर्ज किए हैं. ज्यादातर मामलों में शारीरिक नुकसान के संदेह या फिर गंभीर शारीरिक नुकसान होने पर जांच शुरू की गई.

इससे एक साल पहले राज्यों ने कुल 1,488 ऐसे मामले दर्ज किए जो दक्षिणपंथी हिंसक अपराधों से प्रेरित थे. 2023 में यह आंकड़ा 1,270 था. पिछले सालों के आंकड़े देरी से दर्ज कराने की वजह से अब भी बदल सकते हैं. इसका एक कारण यह भी है कि इन घटनाओं की रिपोर्ट पहले राज्य में दर्ज होती है और फिर बीकेए के पास आती है. इन घटनाओं के पीछे राजनीतिक कारणों का पता बाद में स्पष्ट होता है.

दक्षिपंथ से प्रेरित सभी अपराधों की संख्या में 2025 में थोड़ी कमी आई है. यह 42,788 से घट कर 42,544 पर आ गई है. इस तरह की घटनाओं में देश और उसके प्रतीकों को अपमान करना, नफरत और अपमान को उकसावा देना जैसे अपराध शामिल हैं. हिंसक घटनाओं में हत्या, शारीरिक हिंसा, शांति भंग करना, सड़क यातायात से खतरनाक छेड़छाड़, आजादी छीनना और कानून व्यवस्था के लिए जिम्मेदार अधिकारियों का विरोध शामिल है.

मध्य प्रदेश: जबलपुर के बरगी डैम में क्रूज पलटा, 9 लोगों की मौत

मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में हुए क्रूज पलटने के हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है. यह जानकारी समाचार एजेंसी एएनआई ने दी है. हादसे के एक दिन बाद एनडीआरएफ की टीमों ने दो और शव बरामद किए. दुर्घटना के बाद से राहत और बचाव अभियान जारी है और लापता लोगों की तलाश की जा रही है.

राज्य मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि शुरुआती जानकारी के अनुसार यात्रियों ने लाइफ जैकेट पहने हुए थे, लेकिन इसके बावजूद जान क्यों नहीं बच पाई, इसकी जांच की जाएगी. उन्होंने कहा कि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद स्थिति साफ होगी. वहीं, एक पीड़ित यात्री ने आरोप लगाया है कि क्रूज में यात्रियों को ठीक से लाइफ जैकेट उपलब्ध नहीं कराई गई थीं.

राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि हादसे में 15 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है और तेज आंधी-तूफान को दुर्घटना का कारण बताया.

चश्मदीदों के मुताबिक तेज हवाओं के बावजूद बोट संचालक ने चेतावनी नहीं मानी, जिससे बीच डैम में नाव पलट गई. प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं.

Share Now

संबंधित खबरें

Silver Import Rules: सरकार ने चांदी के आयात पर लगाई नई पाबंदियां, अब इंपोर्ट के लिए लेनी होगी मंजूरी

CCPA Investigation: अमेजन, फ्लिपकार्ट और मीशो समेत कई ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर सीसीपीए का शिकंजा, बिना रजिस्ट्रेशन बिक रही थी ‘साइक्लोसिनोन हर्बिसाइड’

PBKS vs RCB, IPL 2026 61st Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा पंजाब किंग्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच रोमांचक मुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

KKR vs GT, IPL 2026 60th Match Scorecard: ईडन गार्डन स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स ने गुजरात टाइटंस के सामने रखा 248 रनों का टारगेट, फिन एलन और अंगकृष रघुवंशी ने खेली धमाकेदार अर्धशतकीय पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड