देश की खबरें | बंगाल : कांग्रेस पार्षद की हत्या मामले का चश्मदीद मृत पाया गया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस पार्षद तापन कंडू की हत्या मामले का चश्मदीद पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में बुधवार को मृत पाया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुरुलिया (पश्चिम बंगाल), छह अप्रैल कांग्रेस पार्षद तापन कंडू की हत्या मामले का चश्मदीद पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में बुधवार को मृत पाया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कंडू के निकट सहयोगी निरंजन वैष्णव का शव झालदा के वैष्बपारा स्थित उसके आवास पर पंखे से लटका पाया गया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पेशे से शिक्षक वैष्णव के कमरे से उनके द्वारा कथित तौर पर लिखा गया एक नोट (संदेश) भी बरामद हुआ है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हम मामले की जांच कर रहे हैं।’’
कमरे से बरामद नोट में वैष्णव ने कथित तौर पर दावा किया है कि कंडू हत्या मामले में पुलिस के लगातार फोन करने से वह बेहद दबाव में थे।
नोट में कहा गया, ‘‘मैं जीवन में किसी पुलिस थाने में नहीं गया। यह असहनीय हो रहा है। मैंने खुद ही यह निर्णय किया है और किसी ने मुझे जीवन का अंत करने को मजबूर नहीं किया है।’’
वैष्णव का शव उसी दिन मिला, जब कांग्रेस ने कंडू की हत्या को लेकर झालदा में 12 घंटे के बंद का आह्वान किया और तृणमूल कांग्रेस ने शहर में नागरिक बोर्ड का गठन किया।
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं, जिसके बाद सीबीआई अधिकारियों का बुधवार को झालदा पहुंचने का कार्यक्रम है।
गौरतलब है कि कंडू की 13 मार्च को उस वक्त गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वह अपने अवास के पास शाम की सैर के लिए निकले थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)