देश की खबरें | आजमगढ़ उपचुनाव: सपा के लोकसभा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव ने नामांकन पत्र दाखिल किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आजमगढ़ लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवार और पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव ने सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल किया।

आजमगढ़, छह जून आजमगढ़ लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवार और पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव ने सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल किया।

सपा प्रत्याशी पूर्व सांसद धर्मेन्द्र यादव नामांकन करने के लिए सपा विधायकों के साथ कलेक्ट्रेट स्थित नामांकन कक्ष में पहुंचे।

नामांकन दाखिल करने के बाद यादव ने पत्रकारों से कहा कि उनकी लड़ाई किसी प्रत्याशी से नहीं है, बल्कि उनकी लड़ाई देश और प्रदेश में लोगों को बरगलाने वाले और झूठ बोलने वालों से है।

उन्होने कहा कि ''आजमगढ़ में चाहे किसी की भी हवा चली हो, लेकिन लोगों ने हमेशा समाजवादियों को ताकत दी है और इस इतिहास को लोग इस बार भी कायम रखेगें।''

सपा प्रत्याशी ने यह भी कहा कि नेताजी (सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव) ने एक बार कहा था कि ''अगर इटावा दिल है तो आजमगढ़ दिल की धड़कन है।''

भाजपा द्वारा परिवारवाद के सवाल पर धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि भाजपा तो बहुत बात कहती है, लेकिन पहले वह अपनी पार्टी के परिवारवाद को देखे। यादव ने कहा, "जनेश्वर मिश्र (दिवंगत पूर्व समाजवादी नेता) ने कहा था कि '' यह संघर्ष का परिवारवाद है , हम सत्ता का परिवारवाद लेकर नहीं आये है।"

उन्होंने भाजपा पर कई गंभीर आरोप लगाए। यादव ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि चुनाव आते ही महंगाई घट जाती है और चुनाव समाप्त होते ही महंगाई बढ़ जाती है।

उन्होने कहा कि इस चुनाव में भी आजमगढ़ के लोग फिरका परस्त ताकतों को उखाड़ फेंकने का काम करेगें।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव के चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव बदायूं लोकसभा क्षेत्र से वर्ष 2014 में चुनाव जीते थे, लेकिन वर्ष 2019 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की संघमित्रा मौर्या से चुनाव हार गये।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव के मैनपुरी जिले के करहल क्षेत्र से विधानसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद सांसद पद से इस्तीफा देने के बाद आजमगढ़ संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में उप चुनाव हो रहा है।

सं आनन्द

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\