जरुरी जानकारी | एटीएफ कीमतों में 12 फीसदी की भारी कटौती, वाणिज्यिक एलपीजी हुई सस्ती
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. देश में विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमतों में सोमवार को 12 फीसदी की भारी कटौती हुई। यह एटीएफ में अब तक की सबसे बड़ी कटौती है।
नयी दिल्ली, एक अगस्त देश में विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमतों में सोमवार को 12 फीसदी की भारी कटौती हुई। यह एटीएफ में अब तक की सबसे बड़ी कटौती है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में कमी के संभावनाओं के बीच यह कमी हुई।
राष्ट्रीय राजधानी में एटीएफ की कीमत में 16,232.36 रुपये प्रति किलोलीटर या 11.75 प्रतिशत की कटौती हुई और इसका भाव 121,915.57 रुपये प्रति किलोलीटर हो गया है।
यह दरों में अब तक की सबसे बड़ी कमी है। इससे पहले 16 जुलाई को 3,084.94 रुपये प्रति किलोलीटर (2.2 प्रतिशत) की कमी हुई थी।
इसी के साथ 19 किलोग्राम के वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत 36 रुपये घटाकर 1,976.50 रुपये कर दी गई है। वाणिज्यिक एलपीजी का इस्तेमाल होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों द्वारा किया जाता है।
मई के बाद से वाणिज्यिक एलपीजी दरों में यह चौथी कटौती है। कुल मिलाकर कीमतों में प्रति सिलेंडर 377.50 रुपये की कमी हुई है।
घरेलू रसोई में इस्तेमाल होने वाली एलपीजी गैस की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है। राष्ट्रीय राजधानी में 14.2 किलोग्राम के घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1,053 रुपये है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)