देश की खबरें | विभिन्न अपराधों के प्रति ‘कतई बर्दाश्त नहीं’ करने की नीति अपनाएगी असम पुलिस: हिमंत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को कहा कि राज्य की पुलिस अवैध प्रवास, वन्यजीवों के शिकार, महिलाओं के खिलाफ अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी के प्रति ‘कतई बर्दाश्त नहीं’ की नीति अपनाएगी।
गुवाहाटी, 21 मई असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को कहा कि राज्य की पुलिस अवैध प्रवास, वन्यजीवों के शिकार, महिलाओं के खिलाफ अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी के प्रति ‘कतई बर्दाश्त नहीं’ की नीति अपनाएगी।
गोलाघाट में लाचित बरफुकन पुलिस अकादमी में शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित पुलिस अधीक्षकों के दो दिवसीय सम्मेलन में भविष्य के कामकाज के तरीकों और नीतियों पर ध्यान केंद्रित किया गया।
लंबे समय तक चली चर्चा के समापन के बाद शर्मा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैंने दोहराया कि हम अवैध प्रवास, वन्यजीवों के शिकार, महिलाओं के खिलाफ अपराध और मादक पदार्थों को लेकर कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाएंगे।’’
मुख्यमंत्री और राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने नए दौर के अपराधों से निपटने के लिए पुलिस बल को आवश्यक विशेषज्ञता और उपकरणों से लैस करने के लिए एक रोडमैप पर विचार-विमर्श किया।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने एलबीपीए डेरगांव में एक बहुत ही सार्थक पुलिस अधीक्षक सम्मेलन के दौरान असम पुलिस की हालिया सफलताओं पर विचार-विमर्श किया।”
शर्मा ने कहा कि पिछले दो दिन के दौरान अधिकारियों ने इस बात पर चर्चा की कि कैसे नवगठित अभियोजन विभाग पुलिस बल को और अधिक सशक्त बनाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने अधिकारियों से बुजुर्गों और महिलाओं से संबंधित मुद्दों पर विशेष ध्यान देते हुए लोगों को पुलिस व्यवस्था के केंद्र में रखने का भी आग्रह किया। सरकार पुलिस व्यवस्था की गुणवत्ता और हमारे कर्मियों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार के लिए अधिक संस्थानों, अधिक कर्मियों और अधिक सुविधाओं के साथ बल के आधुनिकीकरण प्रयासों का पूरा समर्थन कर रही है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)