देश की खबरें | असम सरकार सैनिक स्कूल के बुनियादी ढांचे को विकसित करने में मदद करेगी: शर्मा

गोवालपारा (असम), छह जनवरी असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार को गोवालपारा जिले में सैनिक स्कूल के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए अपनी सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने चाहिए और उन्हें साकार करने के लिए मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यार्थियों को उनकी क्षमता से परिचित कराने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

यहां सैनिक स्कूल में एक कार्यक्रम में शर्मा ने कहा, “ हमारी सरकार स्कूल के बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए प्रतिबद्ध है। हम स्विमिंग पूल, एथलेटिक ट्रैक, इनडोर स्टेडियम, जो भी आवश्यकता होगी उसे प्रदान करेंगे।”

उन्होंने कहा, “ लेकिन राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में, मेरे पास निवेश करने से पहले यह गारंटी भी होनी चाहिए कि स्कूल से कम से कम 10 विद्यार्थी हर साल एनडीए (राष्ट्रीय रक्षा अकादमी) की परीक्षा पास करेंगे।”

यह स्कूल गोवालपारा से 18 किलोमीटर दूर स्थित है और 12 नवंबर 1964 में स्थापित किया गया था।

सेना की पूर्वी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेट जनरल राणा प्रताप कलिता इस स्कूल के पूर्व छात्र हैं। वह भी कार्यक्रम में मौजूद थे।

शर्मा ने उनकी ओर इशारा करते हुए विद्यार्थियों से उनकी मिसाल का अनुसरण करने को कहा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)