जरुरी जानकारी | एप्पल की बैटरी बनाने वाली टीडीके हरियाणा में लगाएगी संयंत्र, पर्यावरणीय मंजूरी मिलने का इंतजार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) राज्यमंत्री राजीव चंद्रशेखर ने सोमवार को कहा कि एप्पल के आईफोन के लिए उपकरण बनाने वाली कंपनी टीडीके हरियाणा में इसकी लिथियम-आयन बैटरी बनाने का कारखाना लगाएगी।
नयी दिल्ली, चार दिसंबर इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) राज्यमंत्री राजीव चंद्रशेखर ने सोमवार को कहा कि एप्पल के आईफोन के लिए उपकरण बनाने वाली कंपनी टीडीके हरियाणा में इसकी लिथियम-आयन बैटरी बनाने का कारखाना लगाएगी।
एक सूत्र ने बताया कि जापान की कंपनी चरणबद्ध तरीके से 6,000-7,000 करोड़ रुपये के निवेश से यह कारखाना स्थापित करेगी। इसमें लिथियम-आयन की बैटरी बनेगी और पूर्ण क्षमता से संचालित होने पर इससे 7,000-8,000 लोगों को रोजगार मिलेगा।
चंद्रशेखर ने सोशन मीडिया मंच एक्स पर लिखा है, “एप्पल को बैटरी आपूर्ति करने वाली प्रमुख कंपनी टीडीके हरियाणा के मानेसर में 180 एकड़ क्षेत्रफल में कारखाना स्थापित कर रही है। यहां भारत में बनने वाले आईफोन में लगने वालीं बैटरियां बनाई जाएंगी। हजारों नई नौकरियाँ पैदा होंगी और घरेलू मूल्यवर्धन में वृद्धि होगी।”
लिथियम-आयन बैटरी के स्थानीय उत्पादन से एप्पल के उत्पादों में स्थानीय मूल्यवर्धन बढ़ेगा।
सूत्रों ने बताया कि टीडीके उत्पादन शुरू करने के लिए पर्यावरणीय मंजूरी का इंतजार कर रहा है। इस संबंधी में टीडीके से जानकारी मांगी गयी लेकिन फिलहाल वहां से कोई जवाब नहीं मिला है।
कंपनी ने अपने ऊर्जा क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए 2005 में लिथियम-आयन बैटरी बनाने वाली चीन की एम्पेरेक्स टेक्नोलॉजी लिमिटेड (एटीएल) का अधिग्रहण किया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)