देश की खबरें | नाइजर में अगवा किए गए झारखंड के पांच मजदूरों की सुरक्षित वापसी के लिए केंद्र से अपील

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. झारखंड के एक गांव के पांच मजदूरों का पश्चिमी अफ्रीकी देश नाइजर में अपहरण किए जाने की घटना के बाद उनके परिजनों और गांव वालों ने सोमवार को केंद्र सरकार से इन मजदूरों की सुरक्षित वापसी की अपील की है।

रांची, 28 अप्रैल झारखंड के एक गांव के पांच मजदूरों का पश्चिमी अफ्रीकी देश नाइजर में अपहरण किए जाने की घटना के बाद उनके परिजनों और गांव वालों ने सोमवार को केंद्र सरकार से इन मजदूरों की सुरक्षित वापसी की अपील की है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर से राज्य के पांच श्रमिकों की मदद के लिए हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया था।

पांच प्रवासी श्रमिकों - संजय महतो, फलजीत महतो, राजू महतो, चंद्रिका महतो और उत्तम महतो - के परिवारों ने पहले मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप करने की अपील करते हुए कहा था कि इन लोगों को नाइजर में अगवा कर लिया गया है। ये कामगार एक विद्युत पारेषण कंपनी में काम करने गए थे।

मुंद्रो पंचायत के एक निवासी ने कहा, "पांचों मजदूर नाइजर काम करने गए थे। हम उनसे फोन पर संपर्क नहीं कर पा रहे थे। फिर हमने वहां काम करने वाले अन्य लोगों से संपर्क किया और हमें पता चला कि इन पांच मजदूरों और एक स्थानीय व्यक्ति का अपहरण कर लिया गया है। अब हम अपने गांववालों की सुरक्षित वापसी की मांग करते हैं।"

सभी पांच अपहृत लोग राज्य के गिरिडीह जिले के रहने वाले हैं।

सोरेन ने रविवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट किया, "केंद्रीय विदेश मंत्री माननीय डॉ. एस जयशंकर जी से अनुरोध है कि कृपया झारखंड के हमारे प्रवासी भाइयों को सहायता प्रदान करें, क्योंकि जानकारी मिली है कि नाइजर में उनका अपहरण कर लिया गया है।"

यह तत्काल पता नहीं चल पाया है कि मजदूरों का कथित अपहरण किसने किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now