देश की खबरें | पशु तस्करी: डॉक्टर ने टीएमसी नेता को सीबीआई के सामने पेश होने से पहले कुछ दिन आराम की सलाह दी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल में पशु तस्करी मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की तफ्तीश का सामना कर रहे तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता अनुव्रत मंडल को मंगलवार को एक डॉक्टर ने कुछ और दिन आराम करने की सलाह दी। इस डॉक्टर ने मंडल की बोलपुर आवास पर जांच की थी।
कोलकाता, नौ अगस्त पश्चिम बंगाल में पशु तस्करी मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की तफ्तीश का सामना कर रहे तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता अनुव्रत मंडल को मंगलवार को एक डॉक्टर ने कुछ और दिन आराम करने की सलाह दी। इस डॉक्टर ने मंडल की बोलपुर आवास पर जांच की थी।
मंडल को सोमवार को सीबीआई के सामने पेश होना था लेकिन वह पेश नहीं हुए। 60 वर्षीय मंडल को अब बुधवार को केंद्रीय एजेंसी के अफसरों के सामने उपस्थित होना है।
मंडल के स्वास्थ्य की जांच करने वाले डॉक्टर चंद्रकांत अधिकारी ने कहा कि उन्होंने टीएमसी के बीरभूम जिला प्रमुख के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर विचार करने के बाद उन्हें ‘घर पर ही कुछ और दिन आराम’ करने की सलाह दी है।
अधिकारी ने पत्रकारों से कहा, “ उनके फिस्टुला में संक्रमण है। साथ में, उन्हें मधुमेह और मोटापा भी है। वह चिंता और अवसाद से भी पीड़ित हैं।”
सीबीआई ने पशु घोटाले की जांच के सिलसिले में कई बार टीएमसी नेता को उसके सामने हाज़िर होने के लिए कहा है लेकिन वह अपनी खराब सेहत का हवाला देकर हर बार पेशी से बचते रहे हैं। मंडल विभिन्न मुद्दों पर अपने ऊलजलूल बयानों के लिए सुर्खियों में रहते हैं।
इससे पहले दिन में सीबीआई के एक अफसर ने कहा था कि एजेंसी ने अपने अफसरों को यह सुनिश्चित करने के लिए बोलपुर स्थित मंडल के आवास पर भेजा था कि उन्हें व्यक्तिगत रूप से समन दिया जाए।
अफसर ने पीटीआई- से कहा, “ हमने उनसे कहा है कि वह बुधवार सुबह 11 बजे हमारे निज़ाम पैलेस दफ्तर में आएं।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)