देश की खबरें | आंध्र के मुख्यमंत्री नायडू ने अमरावती की महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की निंदा की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने अमरावती की महिलाओं के खिलाफ कुछ पत्रकारों द्वारा की गई कथित अपमानजनक टिप्पणियों की रविवार को निंदा की।
अमरावती, आठ जून आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने अमरावती की महिलाओं के खिलाफ कुछ पत्रकारों द्वारा की गई कथित अपमानजनक टिप्पणियों की रविवार को निंदा की।
नायडू ने एक स्थानीय समाचार चैनल के एक पत्रकार द्वारा कथित तौर पर दिए गए आपत्तिजनक बयानों का उल्लेख किया, जिसमें राजधानी अमरावती के खिलाफ अत्यधिक हतोत्साहित करने वाली टिप्पणियां कथित तौर पर की गई थीं।
रविवार को यहां महिलाओं ने पत्रकारों की टिप्पणी की निंदा करते हुए विरोध मार्च निकाला।
नायडू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हमारी संस्कृति में बेटियों का सम्मान किया जाता है। हम महिलाओं को दिव्य मानते हैं, खासकर तेलुगू लोगों के बीच, जो मां और बेटियों को सर्वोच्च सम्मान देते हैं।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों ने लोकतांत्रिक जनादेश के माध्यम से इस जहरीली मानसिकता को पहले ही खारिज कर दिया है, फिर भी राजधानी अमरावती क्षेत्र में महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक बातें अभी भी जारी हैं।
नायडू ने कथित टिप्पणी पर विपक्षी नेता और वाईएसआरसीपी प्रमुख वाईएस जगन मोहन रेड्डी की चुप्पी को बेहद परेशान करने वाला बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये आपत्तिजनक टिप्पणियां सिर्फ राजनीतिक हमले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि ये हर महिला की गरिमा और सम्मान पर हमला है, जिसके लिए माफी मांगे जाने की जरूरत है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि सख्त कार्रवाई की जाएगी और महिलाओं के सम्मान को बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)