जरुरी जानकारी | अंबुजा सीमेंट्स की ईजीएम में अडाणी समूह से 20,000 करोड़ रुपये जुटाने को मिली मंजूरी

नयी दिल्ली, आठ अक्टूबर अंबुजा सीमेंट्स लिमिटेड ने शनिवार को कहा कि उसकी असाधारण आम बैठक (ईजीएम) में रखे गए सभी प्रस्तावों को शेयरधारकों की मंजूरी मिल गई है। कंपनी ने शेयर बाजारों को यह जानकारी दी।

कंपनी ने बताया कि ईजीएम में अडानी समूह की कंपनी हार्मोनिया ट्रेड एंड इन्वेस्टमेंट लिमिटेड को तरजीही आधार पर प्रतिभूति जारी करके 20,000 करोड़ रुपये जुटाने के एक विशेष प्रस्ताव को भी पारित किया। इस प्रस्ताव के पक्ष में 91.37 प्रतिशत शेयरधारकों के मत पड़े।

इसके अलावा अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडाणी, उनके बेटे करण अडाणी और दो निदेशकों तथा चार स्वतंत्र निदेशकों को अंबुजा सीमेंट्स के निदेशक मंडल में नियुक्त करने संबंधी प्रस्ताव को भी शेयरधारकों ने मंजूर दी।

ईजीएम में गौतम अडाणी मौजूद नहीं थे और उनकी जगह बैठक की अध्यक्षता उनके बेटे करण अडाणी ने की।

इस हफ्ते की शुरुआत में संस्थागत निवेशक परामर्श कंपनी आईआईएए ने शेयरधारकों को 20,000 करोड़ रुपये जुटाने के प्रस्ताव के खिलाफ मत देने की सलाह दी थी। ईजीएम में 12 प्रस्तावों को मंजूरी मिली।

अडाणी समूह ने पिछले महीने अंबुजा सीमेंट्स और एसीसी सीमेंट का अधिग्रहण सौदा पूरा हो जाने की घोषणा की थी। करीब 53,800 करोड़ रुपये के लेनदेन वाले इस सौदे के तहत इन दोनों सीमेंट उत्पादक कंपनियों में स्विस कंपनी होल्सिम की हिस्सेदारी को अडाणी समूह ने ले लिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)