देश की खबरें | आखिरी सफर पर निकला अल्फाज का मुसाफिर : सुपुर्दे-खाक किये गये राहत इंदौरी
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

इंदौर (मध्यप्रदेश), 11 अगस्त कोरोना वायरस संक्रमण के इलाज के दौरान यहां एक अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने से इस दुनिया को अलविदा कहने वाले मशहूर शायर राहत इंदौरी को मंगलवार रात यहां सुपुर्दे-खाक किया गया। वह 70 साल के थे।

इंदौरी को उनके चंद परिजनों और करीबी लोगों ने शहर के छोटी खजरानी स्थित कब्रिस्तान में दफनाते हुए अंतिम विदाई दी।

यह भी पढ़े | Congress Hints At Rahul Gandhi Returning As Party Chief: राहुल गांधी को फिर से बनाया जा सकता है अध्यक्ष, पार्टी की तरफ से मिला इशारा.

मोहब्बत और हिम्मत के रंगों से लबरेज अपनी शायरी की बदौलत दुनिया भर के लाखों प्रशंसकों के दिलों पर राज करने वाले इंदौरी को दफनाये जाते वक्त कब्रिस्तान में केवल 20 लोग मौजूद थे। इनमें से ज्यादातर लोगों ने कोविड-19 से बचाव के लिये निजी सुरक्षा उपकरणों की किट पहन रखी थी।

महामारी के प्रकोप के कारण उनके कई प्रशंसक चाहकर भी उन्हें आखिरी विदाई देने कब्रिस्तान नहीं आ सके।

यह भी पढ़े | हिमाचल प्रदेश में कोरोना के 2,374 टेस्ट किए गए, जिसमें 7 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए: 11 अगस्त 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

इससे पहले, विशेष बैग में लिपटे इंदौरी के शव को श्री अरबिंदो इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (सैम्स) से सीधे कब्रिस्तान लाया गया।

कब्रिस्तान के आस-पास व्यवस्था बनाये रखने के लिये पुलिस कर्मियों की तैनाती की गयी थी।

इस बीच, सैम्स ने मंगलवार रात जारी बयान में कहा,

"इंदौरी को आज दोपहर एक बजे दिल का दौरा पड़ा था। इससे उन्हें बचा लिया गया था। लेकिन इसके दो घण्टे बाद ही उन्हें फिर से दिल का दौरा पड़ा और शाम पांच बजे उनका निधन हो गया।"

बयान में कहा गया, "इंदौरी के दोनों फेफड़ों में 60 प्रतिशत तक निमोनिया हुआ था। इसलिए उन्हें कृत्रिम श्वसन प्रणाली पर रख गया था। उन्हें उच्च स्तर की एंटीबायोटिक एवं नवीनतम एंटीवायरल दवाएं भी दी गयी थीं।"

अस्पताल ने बयान में बताया कि इंदौरी, मधुमेह और उच्च रक्तचाप के साथ हृदय एवं किडनी के पुराने रोगों से पहले ही जूझ रहे थे। वह सोमवार शाम आयी रिपोर्ट में कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गये थे।

शायर ने मंगलवार सुबह खुद ट्वीट कर अपने संक्रमित होने की जानकारी दी थी। इंदौरी ने अपने ट्वीट में यह भी कहा था, "दुआ कीजिये (मैं) जल्द से जल्द इस बीमारी को हरा दूं।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)