खेल की खबरें | एलिस कैप्से का तेज तर्रार अर्धशतक, इंग्लैंड ने आयरलैंड को चार विकेट से हराया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. शीर्ष क्रम बल्लेबाज एलिस कैप्से की 22 गेंद में 51 रन की शानदार पारी की बदौलत इंग्लैंड ने सोमवार को यहां आईसीसी महिला टी20 विश्व कप के ग्रुप मैच में पड़ोसी देश आयरलैंड को चार विकेट से शिकस्त दी।
पार्ल, 13 फरवरी शीर्ष क्रम बल्लेबाज एलिस कैप्से की 22 गेंद में 51 रन की शानदार पारी की बदौलत इंग्लैंड ने सोमवार को यहां आईसीसी महिला टी20 विश्व कप के ग्रुप मैच में पड़ोसी देश आयरलैंड को चार विकेट से शिकस्त दी।
दिल्ली कैपिटल्स ने कैप्से को सोमवार को महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) की नीलामी के दौरान 75 लाख रूपये में खरीदा। उन्होंने अपनी ताबड़तोड़ पारी के दौरान 10 चौके जमाये जिससे इंग्लैंड ने 34 गेंद रहते आयरलैंड को हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
जीत के लिये महज 106 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने पावरप्ले में एक विकेट पर 69 रन बनाये। इंग्लैंड ने सलामी बल्लेबाज सोफी डंकले (04) के रूप में पहला विकेट पहले ही ओवर में सस्ते में गंवा दिया था।
कैप्से सातवें ओवर की दूसरी गेंद पर आउट हुईं। नैट स्किवर ब्रंट (05) भी सस्ते में पवेलियन लौंट गयी जिन्हें डब्ल्यूपीएल नीलामी में मुंबई इंडियंस ने 3.2 करोड़ रूपये में खरीदा।
इंग्लैंड की कप्तान हीथर नाइट (14) और विकेटकीपर एमी जोंस (12) भी ज्यादा रन नहीं जोड़ सकीं लेकिन कैप्से (231.8 स्ट्राइक रेट) की पारी की बदौलत इंग्लैंड ने 14.2 ओवर में छह विकेट पर 107 रन बनाकर लक्ष्य हासिल किया। कैथरीन स्किवर ब्रंट ने नाबाद पांच रन बनाये।
आयरलैंड के लिये कारा मरे ने 15 रन देकर तीन विकेट झटके जबकि ओर्ला प्रेंडरगास्ट और अरलेन कैली ने एक एक विकट हासिल किये।
इससे पहले इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन (13 रन देकर तीन विकेट), सारा ग्लेन (19 रन देकर तीन विकेट) और चार्ली डीन (26 रन देकर दो विकेट) ने आयरलैंड की बल्लेबाजों को क्रीज पर जमने ही नहीं दिया जिससे टीम 18.2 ओवर में 105 रन पर सिमट गयी। एक्लेस्टोन को यूपी वारियर्स ने खरीदा है।
आयरलैंड के लिये गैबी लुईस 36 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहीं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)