देश की खबरें | मोदी के राजस्थान दौरे से पहले भाजपा कार्यकर्ताओं ने आबूरोड में साफ-सफाई की

जयपुर, नौ मई भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को सिरोही जिले के आबूरोड कस्बे में स्वच्छता अभियान चलाया जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

पार्टी के एक बयान के मुताबिक, मोदी राज्य में 5,500 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।

इसके अनुसार प्रधानमंत्री मोदी के आबूरोड आगमन से पहले भाजपा ने शहर में स्वच्छता अभियान का आगाज किया है।

शहर के बस अड्डे पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी के नेतृत्व में पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने झाड़ू लेकर साफ सफाई की। साथ ही पार्टी नेताओं ने लोगों को स्वच्छता का संकल्प भी दिलाया।

जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने दो अक्टूबर, 2014 को ‘स्वच्छ भारत मिशन’ देशभर में राष्ट्रीय आंदोलन के रूप में शुरू किया था।

आबूरोड रेलवे स्टेशन पर "चाय पर चर्चा" कार्यक्रम रखा गया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आबू रोड में होने वाली आम सभा को लेकर जोशी ने स्थानीय गणमान्य नागरिकों एवं वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)