एएफआई की सितंबर में सत्र शुरू करने की योजना
यह फैसला राष्ट्रीय खेल महासंघों (एनएसएफ) की पहली ऑनलाइन बैठक के दौरान लिया गया जो सरकार के दिशानिर्देशों पर भी निर्भर करेगा।
नयी दिल्ली, दो मई भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) ने शनिवार को घोषणा की कि वह 2020 सत्र के टूर्नामेंट सितंबर में शुरू कर सकता है, बशर्ते तब तक कोविड-19 महामारी से पैदा हुआ स्वास्थ्य संकट खत्म हो जाये।
यह फैसला राष्ट्रीय खेल महासंघों (एनएसएफ) की पहली ऑनलाइन बैठक के दौरान लिया गया जो सरकार के दिशानिर्देशों पर भी निर्भर करेगा।
इस महामारी से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल संस्थाओं को अपनी प्रतियोगितायें स्थगित या रद्द करने पर मजबूर होना पड़ा।
इस संभावित कैलेंडर के अनुसार सत्र 12 सितंबर से पहली इंडियन ग्रां प्री से शुरू हो सकता है जबकि तीन सीनियर राष्ट्रीय चैम्पियनशिप - ओपन नेशनल्स, फेडरेशन कप और अंतरराज्यीय प्रतियोगिता - को 20 सितंबर से शुरू कराकर दो महीने के अंदर कराया जायेगा।
एएफआई की योजना समिति के चेयरमैन ललित भनोट ने इस ऑनलाइन बैठक के दौरान कहा, ‘‘हमने दो चरण में टूर्नामेंट की योजना बनायी थी लेकिन अब इसे एक चरण में ही और वो भी विलंब चरण में करना होगा। ’’
इस बैठक में भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) अध्यक्ष नरिंदर बत्रा ने भी हिस्सा लिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)