देश की खबरें | विद्यालयों में बम की धमकी, फर्जी फोन से निपटने के लिए कार्ययोजना तैयार: दिल्ली पुलिस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली पुलिस ने सोमवार को दिल्ली उच्च न्यायालय में कहा कि उसने विद्यालयों में बम की धमकी संबंधी फोन से निपटने के लिए कार्ययोजना और ‘फर्जी कॉल’ के मामलों में पालन की जाने वाली मानक प्रक्रिया तैयार की है।
नयी दिल्ली, 31 जुलाई दिल्ली पुलिस ने सोमवार को दिल्ली उच्च न्यायालय में कहा कि उसने विद्यालयों में बम की धमकी संबंधी फोन से निपटने के लिए कार्ययोजना और ‘फर्जी कॉल’ के मामलों में पालन की जाने वाली मानक प्रक्रिया तैयार की है।
इस साल विद्यालयों में बम की धमकी के संबंध में चिंता प्रकट करते हुए दायर की गयी याचिका के जवाब में दाखिल स्थिति रिपोर्ट में दिल्ली पुलिस ने कहा कि उसके पास ऐसी धमकियों एवं घटनाओं से निपटने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया के तहत बम निरोधक दस्ते हैं।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि जिन कुछ विद्यालयों में बम होने के फोन आये, वे फर्जी पाये गये तथा नाबालिग संदिग्धों के विरूद्ध कार्रवाई की गयी है।
उच्च न्यायालय ने 22 मई को पुलिस को विद्यालयों को दी गयी बम संबंधी धमकियों से निपटने के लिए कार्ययोजना सौंपने को कहा था ताकि बच्चों, अध्यापकों, कर्मियों एवं अन्य संबंधित पक्षों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
अदालत का यह निर्देश एक बच्चे के माता-पिता की याचिका पर आया। यह बच्चा डीपीएस मथुरा रोड में पढ़ रहा है जहां इस साल के प्रारंभ में ऐसा (बम संबंधी) फोन आया था।
स्थिति रिपोर्ट में कहा गया है, ‘‘ पुलिस के पास बम निरोदक दस्ते और बम निरोधक दल हैं जिनपर दिल्ली में बम के खतरों और बम संबंधी घटनाओं से निपटने की जिम्मेदारी है और ऐसे मामलों के लिए मानक संचालन प्रक्रिया पहले से तय कर दी गयी हैं।’’
उसमें कहा गया, ‘‘ बम होने का फोन मिलने की स्थिति में विभिन्न पक्षकारों द्वारा उठाये जाने वाले कदमों को प्रमुखता से ध्यान में रखकर कार्ययोजना तैयार की गयी है। एक परिपत्र का मसौदा बनाया गया है जिसमें बम संबंधी फोन के फर्जी घोषित होने के बाद पालन की जाने वाली प्रक्रिया का उल्लेख है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)