कोलकाता, तीन मई तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने शनिवार को गोवा में एक मंदिर उत्सव के दौरान भगदड़ में छह लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया।
बनर्जी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘गोवा के श्री देवी लईराई मंदिर में छह लोगों की मौत की खबर सुनकर बहुत दुखी हूं। शोकसंतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’
लोकसभा सदस्य ने कहा, ‘‘हाथरस से लेकर गोवा तक, ‘डबल इंजन’ सरकार वाले राज्यों में ऐसी त्रासदियों की पुनरावृत्ति प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाती है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं गोवा सरकार से आग्रह करता हूं कि वह निष्पक्ष जांच कराए और जवाबदेही सुनिश्चित करे। सार्वजनिक सुरक्षा को व्यवस्थागत लापरवाही का शिकार नहीं बनाया जा सकता।’’
उत्तरी गोवा के एक मंदिर में शनिवार तड़के एक उत्सव के दौरान भगदड़ मचने से छह लोगों की मौत हो गई और 70 अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना पणजी से करीब 40 किलोमीटर दूर शिरगांव के श्री लईराई देवी मंदिर में तड़के करीब तीन बजे हुई।
इसने बताया कि हजारों श्रद्धालु वार्षिक उत्सव में भाग लेने के लिए मंदिर की संकरी गलियों में उमड़ पड़े और इसी दौरान भगदड़ मच गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY