देश की खबरें | उत्तर-पश्चिम दिल्ली में डीजेबी कर्मचारी के साथ मारपीट करने के आरोप में आप विधायक पर मामला दर्ज
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक अखिलेश पति त्रिपाठी के खिलाफ उत्तर-पश्चिम दिल्ली के मॉडल टाउन इलाके में 'सीवेज पंपिंग स्टेशन' पर दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) के एक कर्मचारी के साथ मारपीट करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 26 सितंबर आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक अखिलेश पति त्रिपाठी के खिलाफ उत्तर-पश्चिम दिल्ली के मॉडल टाउन इलाके में 'सीवेज पंपिंग स्टेशन' पर दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) के एक कर्मचारी के साथ मारपीट करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
कल्याण विहार सीवेज पंपिंग स्टेशन पर क्षेत्रीय सहायक के रूप में काम करने वाले 59 वर्षीय सतपाल सिंह की शिकायत पर बुधवार को मॉडल टाउन पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।
प्राथमिकी के अनुसार, सिंह ने शिकायत की कि वह सीवेज पंपिंग स्टेशन पर काम कर रहे थे, तभी विधायक 20-25 लोगों के साथ वहां पहुंचे और उनसे पूछा कि पंप क्यों नहीं चल रहा है।
प्राथमिकी में कहा गया है कि जब सिंह ने जवाब दिया कि पंप पहले से ही चालू है, तो बहस शुरू हो गई। प्राथमिकी के अनुसार, इसी दौरान विधायक ने दिल्ली जल बोर्ड के कर्मचारी को कथित तौर पर थप्पड़ मारा और जूतों से उसकी पिटाई की।
सिंह ने पंपिंग स्टेशन के अन्य कर्मचारियों की मदद से घटना की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने बताया कि विधायक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 221, 132, 121 (1) और 3 (5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)