देश की खबरें | दिल्ली निकाय चुनावों में भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए आप ने शुरू किया प्रचार अभियान

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आम आदमी पार्टी ने शनिवार को दिल्ली में निकाय चुनावों के लिए प्रचार की शुरुआत करते हुए भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के उद्देश्य से ‘एमसीडी बदलाव’ अभियान शुरू किया।

नयी दिल्ली, चार दिसंबर आम आदमी पार्टी ने शनिवार को दिल्ली में निकाय चुनावों के लिए प्रचार की शुरुआत करते हुए भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के उद्देश्य से ‘एमसीडी बदलाव’ अभियान शुरू किया।

अगले साल होने वाले निकाय चुनाव के मद्देनजर हर मतदाता तक पहुंचने के इरादे से उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने पार्टी कार्यकर्ताओं, विधायकों, पार्षदों और पदाधिकारियों की उपस्थिति में आम आदमी पार्टी के मुख्यालय में अभियान की शुरुआत की।

इस अवसर पर सिसोदिया ने शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य क्षेत्रों में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सरकार द्वारा किये गए काम का बखान किया तथा नगर निगम चुनाव में लोगों से वोट देने का आग्रह किया।

सिसोदिया ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, “हम पिछले नौ साल से एक राजनीतिक आंदोलन को आगे बढ़ा रहे हैं। आम आदमी पार्टी केवल एक पार्टी नहीं है। यह एक आंदोलन है। इस आंदोलन के पीछे कुछ मकसद और सपने हैं। हमें देश में राजनीतिक विमर्श बदलना है और उसे एक दिशा देनी है।”

राय ने नगर निगमों में कथित रूप से भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि भाजपा ने 15 साल के शासन में दिल्ली के लोगों को “कूड़े के तीन पहाड़” और “हर गली में उगाही” के दो उपहार दिए हैं।

उन्होंने कहा, “दिल्ली नगर निगमों में बदलाव लाने के लिए भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के वास्ते आज से एक महा अभियान शुरू किया जाएगा।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\