देश की खबरें | नीट विवाद को लेकर आम आदमी पार्टी ने हरियाणा में विरोध प्रदर्शन किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आम आदमी पार्टी (आप) ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में कथित अनियमितताओं के खिलाफ बुधवार को हरियाणा में विरोध प्रदर्शन किया और उच्चतम न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में जांच की मांग की।
चंडीगढ़, 19 जून आम आदमी पार्टी (आप) ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में कथित अनियमितताओं के खिलाफ बुधवार को हरियाणा में विरोध प्रदर्शन किया और उच्चतम न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में जांच की मांग की।
आप ने इस मुद्दे पर कुरूक्षेत्र, पलवल, सोनीपत, जींद और महेंद्रगढ़ सहित विभिन्न जिलों में विरोध प्रदर्शन किया और छात्रों के लिए न्याय की मांग की।
आप की चंडीगढ़ इकाई ने भी विरोध प्रदर्शन किया।
पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी की हरियाणा इकाई के प्रमुख सुशील गुप्ता ने कुरुक्षेत्र जिले में प्रदर्शन किया।
पत्रकारों से बात करते हुए गुप्ता ने कहा, "यह मामला देशभर के लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़ा है। छात्र और उनके माता-पिता चिंतित हैं। बहुत सारे सवाल अनुत्तरित हैं, लेकिन सरकार कुछ नहीं बोल रही है।"
बाद में सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा, "हम मांग करते हैं कि एनईईटी घोटाले की जांच उच्चतम न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में की जाए और परीक्षा रद्द करके दोबारा आयोजित की जाए।"
गुप्ता ने कहा कि जब तक ऐसा नहीं होगा तबतक आम आदमी पार्टी सड़क से संसद तक अपनी लड़ाई जारी रखेगी।
इस बीच, चंडीगढ़ में भी आम आदमी पार्टी ने इस मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन किया।
आप के कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने यहां आरोप लगाया कि जब वे नीट में कथित अनियमितताओं की जांच और दोबारा परीक्षा कराने की मांग को लेकर केंद्रशासित चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित को ज्ञापन सौंपने जाना चाहते थे तो पुलिस ने उन्हें कुछ देर के लिए हिरासत में ले लिया।
यह परीक्षा पांच मई को 4,750 केंद्रों पर आयोजित की गई थी और लगभग 24 लाख उम्मीदवारों ने इसमें भाग लिया था। परिणाम 4 जून को घोषित किए गए थे।
इस प्रतिष्ठित परीक्षा में बिहार जैसे राज्यों में प्रश्न पत्र लीक होने और अन्य अनियमितताओं के आरोप लगे हैं।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के इतिहास में अभूतपूर्व रूप से 67 छात्रों ने 720 अंक प्राप्त किए हैं, जिसमें हरियाणा के फरीदाबाद के एक केंद्र के छह छात्र भी शामिल हैं। इससे अनियमितताओं का संदेह पैदा हो गया है। आरोप है कि कृपांक की वजह से 67 छात्रों ने शीर्ष रैंक हासिल किया है।
नीट-यूजी परीक्षा देश भर के सरकारी और निजी संस्थानों में एमबीबीएस, बीडीएस, आयुष और अन्य संबंधित पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए एनटीए द्वारा आयोजित की जाती है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)