जरुरी जानकारी | डॉलर के मुकाबले रुपये में एक पैसे की मामूली बढ़त
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. रुपया सोमवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले एक पैसे की मामूली तेजी के साथ 83.14 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कच्चातेल के दाम में गिरावट के रुझान के कारण रुपये को समर्थन मिला।
मुंबई, आठ जनवरी रुपया सोमवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले एक पैसे की मामूली तेजी के साथ 83.14 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कच्चातेल के दाम में गिरावट के रुझान के कारण रुपये को समर्थन मिला।
बाजार सूत्रों ने कहा कि हालांकि, घरेलू शेयर बाजारों में नकारात्मक रुख तथा विदेशों में डॉलर के मजबूत होने से कारोबारी धारणा प्रभावित हुई।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.09 प्रति डॉलर पर मजबूत खुला। दिन में उसने 83.04 के उच्च स्तर और 83.16 प्रति डॉलर के निम्न स्तर के बीच कारोबार किया। अंत में रुपया अपने पिछले बंद भाव के मुकाबले मात्र एक पैसे की तेजी के साथ 83.14 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
शुक्रवार को रुपया नौ पैसे की तेजी के साथ 83.15 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
इस बीच, छह अन्य मुद्राओं की तुलना में अमेरिकी मुद्रा की मजबूती का आकलन करने वाला डॉलर सूचकांक 0.06 प्रतिशत की तेजी के साथ 102.18 पर कारोबार कर रहा था।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77.86 डॉलर प्रति बैरल रह गया।
बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक, 670.93 अंकों की गिरावट के साथ 71,355.22 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल थे। उन्होंने शुक्रवार को 1,696.86 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)