देश की खबरें | जायडस कैडिला के टीके को टीकाकरण अभियान में शामिल करने के लिए रुपरेखा तैयार की जाएगी : एनटीएजीआई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. टीकाकरण पर राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी सलाहकार समूह (एनटीएजीआई) जायडस कैडिला के कोरोना वायरस संक्रमण रोधी टीके को टीकाकरण अभियान में शामिल करने के लिए खाका तैयार करने के वास्ते शीघ्र ही एक बैठक करेगा। साथ ही इसमें 12-18 आयुवर्ग के उन किशोरों को प्राथमिकता दी जाएगी जो अन्य बीमारियों से पीड़ित हैं।
नयी दिल्ली, 25 अगस्त टीकाकरण पर राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी सलाहकार समूह (एनटीएजीआई) जायडस कैडिला के कोरोना वायरस संक्रमण रोधी टीके को टीकाकरण अभियान में शामिल करने के लिए खाका तैयार करने के वास्ते शीघ्र ही एक बैठक करेगा। साथ ही इसमें 12-18 आयुवर्ग के उन किशोरों को प्राथमिकता दी जाएगी जो अन्य बीमारियों से पीड़ित हैं।
स्वदेश में विकसित डीएनए आधारित विश्व के पहले सुई रहित कोविड रोधी टीके जाइकोव-डी की आपात इस्तेमाल की मंजूरी बीस अगस्त को दी गई थी। इसी के साथ ही यह देश में 12-18 आयुवर्ग के लोगों को लगने वाला पहला टीका बन गया है।
एनटीएजीआई के अध्यक्ष डॉ एन के अरोड़ा ने कहा कि ऐसा अनुमान है कि भारत में 12-18 आयुवर्ग के 12 करोड़ किशोर हैं और उनमें से एक प्रतिशत से कम बच्चों को अन्य बीमारियां हो सकती हैं।
वयस्कों के अलावा 12-18 वर्ष के आयु वर्ग के किशोरों के लिए तीन-खुराक वाला टीका अक्टूबर में शुरू होगा।
उन्होंने कहा,‘‘ चल रहे टीकाकरण अभियान में तीन खुराक वाले जाइकोव-डी टीके को शामिल करने के लिए शीघ्र ही एक बैठक की जाएगी और इसका खाका तैयार किया जाएगा। बैठक में प्राथमिकताएं तय की जाएंगी क्योंकि यह टीका किशोर और व्यस्कों दोनों को लग सकता है। ’’
डॉ अरोड़ा ने कहा,‘‘ हमारा लक्ष्य एक प्राथमिकता सूची तैयार करना है जिसमें मुख्य ध्यान अन्य बीमारियों से पीड़ित 12-18 आयुवर्ग के लोगों पर दिया जाएगा।’’
एनटीएजीआई इस टीके को कोविड टीकाकरण अभियान में शामिल करने के लिए दिशानिर्देश (प्रोटोकॉल) और रूपरेखा प्रदान करेगा।
डॉ अरोड़ा ने स्कूलों को फिर से खोलने के मुद्दे पर कहा कि चरणबद्ध तरीके से यह किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों के अलावा, यह सुनिश्चित करना होगा कि सभी सहायक कर्मचारियों चाहे स्कूल बस चालक हों, शिक्षक हों या अन्य कर्मचारी हों, का टीकाकरण किया जाए ताकि बच्चों के चारों ओर एक सुरक्षात्मक घेरा बन सके। ’’
कोविशील्ड, कोवैक्सीन और स्पूतनिक वी 18 साल से अधिक उम्र के लोगों को ही दिया जाता है और इसमें दो खुराक दी जाती है जबकि जाइकोव-डी में तीन खुराक दी जाएगी।
गौरतलब है कि जाइकोव-डी के पहले देश में पांच टीकों को मंजूरी मिली है। इनमें सीरम इस्टीट्यूट का कोविशील्ड, भारत बायोटेक का कोवैक्सीन, रूस का स्पूतनिक वी तथा अमेरिका का मॉडर्ना एवं जॉनसन एंड जॉनसन का टीका शामिल है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)