देश की खबरें | दिल्ली में चार साल के बच्चे का अपहरण करने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय राजधानी में एक बच्चे का अपहरण करने के आरोप में 53 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 15 जुलाई राष्ट्रीय राजधानी में एक बच्चे का अपहरण करने के आरोप में 53 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से मेरठ भागने की फिराक में था। साथ ही चार साल के बच्चे को भी बचा लिया गया।
पुलिस के अनुसार बच्चे को बेचने या उससे भीख मंगवाने के लिए उसे अगवा किया गया था।
उत्तरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त एम.के. मीणा ने बताया, ''कोतवाली थाने में शु्क्रवार अपराह्न तीन बजे चार साल के बच्चे का अपहरण किए जाने की सूचना मिली थी। शिकायतकर्ता रुकसाना ने पुलिस को बताया कि वह लाल किले के नजदीक परेड ग्राउंड के पास एक फुटपाथ पर सो रही थी, लेकिन सुबह जब उठी तो उसका बच्चा गायब था।''
डीसीपी ने बताया, ''शिकायत मिलने के बाद टीम ने तुरंत घटनास्थल के आसपास के करीब 370 सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें यह पता लगा कि जहां महिला सो रही थी वहां एक व्यक्ति घूमता हुआ नजर आ रहा था। लेकिन अंधेरे के कारण कुछ भी स्पष्ट नहीं हो पाया। टीम ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से लगातार संदिग्ध की गतिविधियों पर नजर रखी।’’
पुलिस के अनुसार, ‘‘आरोपी को अपहृत बच्चे के साथ जामा मस्जिद की ओर जाते हुए देखा गया। उसने अपना चेहरा छिपाने के लिए टोपी और नकाब पहना हुआ था। टीम सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से उसका पता लगाने में जुटी रही।’’
डीसीपी ने कहा, "इसके बाद आरोपी नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन की ओर जाता दिखा और इसके बाद वह गायब हो गया। रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपी स्पष्ट दिखाई दिया। शनिवार को मिली सूचना से पता चला कि आरोपी पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अपहृत बच्चे के साथ है और ट्रेन से कहीं जाने की फिराक में है। जिसके बाद पुलिस टीम ने अपहरणकर्ता को वहां से गिरफ्तार कर लिया और बच्चे को भी सुरक्षित बचा लिया।''
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान सेखू के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के शामली का रहने वाला है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)