देश की खबरें | मामले में ‘‘गलत तरीके से फंसाए जाने’’ से परेशान 23 वर्षीय व्यक्ति ने आत्महत्या की

नयी दिल्ली, पांच अप्रैल झंडेवालान स्थित आयकर कार्यालय में कार्यरत 23 वर्षीय संविदा कर्मचारी ने एक मामले में कथित रूप से ‘‘गलत तरीके से फंसाए जाने के बाद’’ नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस सूत्रों ने बताया प्रारंभिक जांच से पता चला है कि विजय वर्मा ने आत्महत्या करने से पहले एक अप्रैल को अपने परिवार को ऑडियो संदेश भेजे थे जिसमें उसने कहा था कि वह अपने कार्यस्थल पर एक मामले में ‘‘गलत तरीके से फंसाए जाने’’ से परेशान है।

सूत्र ने कहा, ‘‘विजय ने ऑडियो क्लिप में कहा कि उसने कोई गलती नहीं की है और उसने सवाल किया कि उसे सजा क्यों दी जा रही है।’’

पुलिस उपायुक्त (रेलवे) के. पी. एस. मल्होत्रा ​​ने बताया कि मध्य प्रदेश के भिंड का मूल निवासी विजय अपने परिवार के साथ मिंटो रोड स्थित ‘सीजीआरसी कॉम्प्लेक्स स्टाफ क्वार्टर’ रहता था।

उन्होंने बताया कि शनिवार दोपहर को नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पुलिस को एक रेलवे ज्ञापन मिला, जिसमें बताया गया कि सिग्नल संख्या 144 के पास एक व्यक्ति ट्रेन के नीचे आ गया है।

मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से मिले मोबाइल फोन की मदद से मृतक की पहचान की।

मल्होत्रा ​​ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों और ट्रेन चालक ने बताया कि पटरी के पास बैठा युवक सामने से आ रही ट्रेन की ओर भागा।

उन्होंने बताया कि शव को एलएचएमसी (लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज) शवगृह में रखा गया है और दंड प्रक्रिया संहिता की प्रासंगिक धारा के तहत जांच की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)