देश की खबरें | मौजूदा वर्ष में 880 साइबर अपराधी पकड़े गए, उनसे 44 करोड़ रु की बरामदगी हुई : हरियाणा के डीजीपी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पी.के. अग्रवाल ने बृहस्पतिवार को कहा कि मौजूदा साल के दौरान 880 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से 44 करोड़ रुपये बरामद किये गये।
चंडीगढ़, 29 दिसंबर हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पी.के. अग्रवाल ने बृहस्पतिवार को कहा कि मौजूदा साल के दौरान 880 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से 44 करोड़ रुपये बरामद किये गये।
इन अपराधियों में से 480 को फरीदाबाद और गुरुग्राम पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
डीजीपी ने कहा कि 15 दिसंबर,2022 तक हरियाणा पुलिस को साइबर अपराध से जुड़ी 62,089 शिकायतें मिलीं, जिनमें से 26,885 का निस्तारण कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस अवधि में, पुलिस ने 2,016 मामले दर्ज किए थे, जिनमें से 605 हल किए गए।
अग्रवाल ने कहा कि साइबर अपराध के 51 मामले खुद पुलिस ने ही दर्ज किए क्योंकि ये ऐसे मामले थे जिनमें शिकायतकर्ता सामने नहीं आ रहे थे और इनमें से 24 का समाधान हो चुका है।
एक बयान के मुताबिक, पुलिस प्रमुख ने यह भी कहा कि अतिरिक्त तकनीकी कर्मचारियों की भर्ती कर पंचकूला स्थित साइबर फोरेंसिक प्रयोगशाला को मजबूत करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।
डीजीपी ने कहा कि पुलिस रेंज और कमिश्नरेट मुख्यालय में ऐसी प्रयोगशाला स्थापित करने के प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (अपराध शाखा) ओ.पी. सिंह ने कहा कि 2022 के दौरान तुरंत ऋण उपलब्ध कराने वाले ऐप के माध्यम से जबरन वसूली और साइबर हमले जैसे मामले हावी रहे।
डीजीपी ने लोगों और कारोबारियों को लगातार स्वरूप बदलते साइबर अपराध को लेकर सतर्क रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी आगामी नए साल में अपराध के इस नए तरीके से और भी अधिक मजबूती के साथ लड़ें।
बयान के मुताबिक, वर्ष 2022 के दौरान, 1,578 पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को साइबर अपराध जांच और साइबर फोरेंसिक क्षेत्र में प्रशिक्षित किया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)