देश की खबरें | 786 पाकिस्तानी भारत से गए, 1,465 भारतीय पाकिस्तान से स्वदेश लौटे

नयी दिल्ली, 30 अप्रैल पहलगाम आतंकवादी हमले के मद्देनजर जारी सरकारी आदेश के बाद पिछले छह दिनों में 55 राजनयिकों, उनके आश्रितों और सहायक कर्मचारियों सहित 786 पाकिस्तानी नागरिक अटारी-वाघा सीमा के जरिए भारत छोड़ चुके हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उनके मुताबिक, इनके अलावा पाकिस्तानी वीजा धारक आठ भारतीय भी पड़ोसी मुल्क चले गए हैं।

इसके अलावा 24 अप्रैल से अब तक पंजाब से लगी अंतरराष्ट्रीय सीमा के जरिए पाकिस्तान से भारत में कुल 1,465 भारतीय आए हैं, जिनमें 25 राजनयिक और अधिकारी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त दीर्घकालिक भारतीय वीजा धारक 151 पाकिस्तानी नागरिक भी भारत आए हैं।

सरकार ने पाकिस्तानी नागरिकों को 'भारत छोड़ो' नोटिस तब जारी किया था जब 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पाकिस्तान से जुड़े आतंकवादियों ने 26 लोगों की हत्या कर दी थी, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे।

दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (दक्षेस) वीजा धारकों के लिए भारत छोड़ने की अंतिम तिथि 26 अप्रैल थी। मेडिकल वीज़ा धारकों के लिए देश छोड़ने की अंतिम तिथि 29 अप्रैल थी।

अन्य 12 श्रेणियों के वीज़ा धारकों के लिए देश छोड़ने की अंतिम तिथि 27 अप्रैल थी। इन श्रेणियों में आगमन पर वीज़ा तथा व्यवसाय, फिल्म, पत्रकार, पारगमन, सम्मेलन, पर्वतारोहण, छात्र, आगंतुक, समूह पर्यटक, तीर्थयात्री और समूह तीर्थयात्री वीजा शामिल हैं।

नयी दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग में तीन रक्षा/सैन्य, नौसेना और वायु सलाहकारों को 23 अप्रैल को ‘अवांछित व्यक्ति’ घोषित कर दिया गया तथा उन्हें भारत छोड़ने के लिए एक हफ्ते का समय दिया गया था।

इन रक्षा ‘अताशे’ (विदेश में अपने देश के रक्षा प्रतिष्ठान का प्रतिनिधित्व करने वाला सशस्त्र बलों का सदस्य) के पांच सहायक कर्मचारियों को भी भारत छोड़ने को कहा गया है। भारत ने इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग से अपने रक्षा ‘अताशे’ को भी वापस बुला लिया है।

हालांकि, दीर्घकालिक, राजनयिक या आधिकारिक वीजा रखने वालों को 'भारत छोड़ने' के आदेश से छूट दी गई थी।

अधिकारियों ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि 29 अप्रैल को 10 राजनयिकों समेत कुल 94 पाकिस्तानी नागरिक अटारी-वाघा सीमा के जरिए से भारत से चले गए। उनके मुताबिक, 28 अप्रैल को 36 राजनयिकों, उनके आश्रितों और सहायक कर्मचारियों समेत 145 पाकिस्तानी चले गए तथा 27 अप्रैल को नौ राजनयिकों और अधिकारियों समेत कुल 237 पाकिस्तानी भारत से चले गए और 26 अप्रैल को 81, 25 अप्रैल को 191 और 24 अप्रैल को 28 पाकिस्तानी भारत से चले गए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)