भोपाल, इंदौर से बसों के जरिये अपने घर कश्मीर रवाना हुए 430 विद्यार्थी

भोपाल से शनिवार दोपहर को 365 कश्मीरी विद्यार्थियों का एक समूह वातानुकूलित बसों से रवाना हुआ वहीं 69 विद्यार्थियों का दूसरा समूह इंदौर से रवाना हुआ।

जमात

भोपाल/ इंदौर, नौ मई कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए लागू लॉकडाउन के चलते मध्यप्रदेश में फंसे 430 से अधिक कश्मीरी विद्यार्थियों को शनिवार दोपहर को भोपाल और इन्दौर से बसों के द्वारा कश्मीर में अपने घरों के लिए रवाना किया गया।

भोपाल से शनिवार दोपहर को 365 कश्मीरी विद्यार्थियों का एक समूह वातानुकूलित बसों से रवाना हुआ वहीं 69 विद्यार्थियों का दूसरा समूह इंदौर से रवाना हुआ।

भोपाल के जिलाधिकारी तरुण पिथोड़े ने कहा कि विद्यार्थियों को कश्मीर वापस भेजने के पहले इन सभी विद्यार्थियों की चिकित्सा जांच की गई।

एक अधिकारी ने बताया कि विद्यार्थियों ने ई-पास के लिए आवेदन किया था जिसके तहत उन्हें कश्मीर जाने की अनुमति दी गई।

भोपाल से लगभग तीन बजे 365 छात्रों को लेकर 18 बसें कश्मीर के लिए रवाना हुईं। इन विद्यार्थियों को शुक्रवार रात को भोपाल के बाहरी इलाके गांधीनगर नगर में एक निजी स्कूल में इकठ्ठा किया गया था।

वहीं इंदौर से 69 विद्यार्थियों का एक समूह बसों से कश्मीर के लिए रवाना हुआ है।

इंदौर में अधिकारियों ने बताया कि सूबे के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने जम्मू-कश्मीर के 69 विद्यार्थियों को शुभेच्छाएं दीं और उन्हें गृहराज्य के लिये रवाना किया।

इससे पहले, इंदौर में डॉक्टरों द्वारा इन सभी छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य की जांच की गयी। जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें दो बसों से पंजाब और जम्मू-कश्मीर की सीमा पर स्थित लखनपुर चेक पोस्ट के लिये रवाना किया गया। कठुआ जिले की लखनपुर चेक पोस्ट को "जम्मू-कश्मीर का प्रवेश द्वार" कहा जाता है।

घर लौट रहे विद्यार्थियों में शामिल फिरदौस अहमद जौहर इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में शोध के छात्र हैं। घर वापसी पर खुशी जताते हुए उन्होंने कहा, "लॉकडाउन के कारण हम पिछले कई दिनों से इंदौर में फंसे थे। घर वापसी में मदद के लिये हम मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के शुक्रगुजार हैं।

गौरतलब है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर मध्यप्रदेश में फंसे लगभग 400 कश्मीरी छात्रों को उनके गृह राज्य भेजने के लिए जरूरी व्यवस्था करने का आग्रह किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

Share Now

\