विदेश की खबरें | बांग्लादेश में विरोध प्रदर्शनों के दौरान अत्याचार करने के आरोप में 41 पूर्व पुलिस अधिकारी गिरफ्तार
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

ढाका, 17 फरवरी बांग्लादेश में पुलिस ने 41 पूर्व अधिकारियों को गिरफ्तार किया है, जो 2024 के छात्रों के नेतृत्व वाले आंदोलन के दौरान अत्याचार करने के आरोपी 1,059 पूर्व पुलिसकर्मियों में शामिल हैं। अधिकारियों और सोमवार को मीडिया में आई खबरों में यह जानकारी दी गई है।

इस आंदोलन की वजह से अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार गिर गई थी और उन्हें देश से जाना पड़ा था।

पिछले साल पांच अगस्त को अवामी लीग की नेता हसीना ने इस्तीफा दे दिया था और भारत चली गई थीं। आरक्षण प्रणाली के खिलाफ छात्रों के भेदभाव विरोधी प्रदर्शन ने एक आंदोलन का रूप ले लिया और उनकी 16 साल की सरकार को सत्ता से बाहर कर दिया। जुलाई और अगस्त के बीच हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान करीब 1,400 लोगों की जान चली गई थी।

प्रसिद्ध समाचार पत्र ‘प्रथम आलो’ ने पुलिस मुख्यालय के गुमनाम अधिकारियों के हवाले से कहा कि अत्याचारों के जीवित बचे पीड़ितों या मारे गए लोगों के परिवार के सदस्यों ने मुख्य कानून प्रवर्तन एजेंसी के 1,059 अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए थानों और अदालतों में सैकड़ों मामले दर्ज कराए हैं।

पुलिस ने अब तक 41 पूर्व अधिकारियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस मुख्यालय ने कहा कि अब तक गिरफ्तार किए गए लोगों में पुलिस के दो पूर्व महानिरीक्षक (आईजीपी) चौधरी अब्दुल्ला अल मामुन और एकेएन शाहिद-उल-हक और ढाका और दक्षिणपूर्वी बंदरगाह शहर चट्टोग्राम के पूर्व पुलिस आयुक्त - मोहम्मद असद-उज़-जमां और मियां सैफ-उल- इस्लाम शामिल हैं।

हक के अलावा ये अधिकारी हसीना के देश से चले जाने तक सेवारत थे।

सबसे अधिक 174 मामले ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस के पूर्व अतिरिक्त आयुक्त भगोड़े हारुन-उर- रशीद के खिलाफ दर्ज किए गए।

गिरफ्तार पूर्व आईजीपी अल मामून पर 159 मामले दर्ज हैं।

अधिकारियों ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस प्रमुख और एक पुलिस आयुक्त समेत कई वरिष्ठ अधिकारी फरार हैं, जबकि माना जा रहा है कि उनमें से कुछ देश छोड़कर भाग गए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)