देश की खबरें | जयपुर में 4.4 तीव्रता का भूकंप आया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान की राजधानी जयपुर में शुक्रवार अलसुबह 4.4 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए।
जयपुर, 21 जुलाई राजस्थान की राजधानी जयपुर में शुक्रवार अलसुबह 4.4 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए।
जयपुर के कई हिस्सों में सुबह लगभग चार बजे भूकंप के झटके महसूस होते ही घबराए लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, जयपुर में भूकंप सुबह चार बजकर नौ मिनट पर करीब 10 किलोमीटर की गहराई में आया। एनसीएस के अनुसार, इसके बाद भारतीय समयानुसार सुबह चार बजकर 22 मिनट पर 3.1 तीव्रता और फिर सुबह चार बजकर 25 मिनट पर 3.4 तीव्रता का भूकंप का झटका आया।
पुलिस नियंत्रण कक्ष ने कहा कि किसी तरह के जानमाल के नुकसान या संपत्ति के नुकसान की तत्काल कोई सूचना नहीं है।
भूकंप से डरे लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए और रिश्तेदारों को फोन करने लगे। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर घटना की तस्वीरें और वीडियो साझा किए।
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने ट्वीट किया, ‘‘जयपुर सहित राज्य में कुछ जगहों पर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। मुझे आशा है कि आप सभी सुरक्षित हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)