देश की खबरें | हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में बस दुर्घटना में 34 यात्री घायल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हिमाचल प्रदेश सड़क परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस के यहां एक पहाड़ी से टकराने से 34 लोग घायल हो गए।

हमीरपुर (हिप्र), 14 अप्रैल हिमाचल प्रदेश सड़क परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस के यहां एक पहाड़ी से टकराने से 34 लोग घायल हो गए।

अधिकारियों ने रविवार को बताया कि यह दुर्घटना शनिवार रात को हमीरपुर से करीब 16 किलोमीटर दूर भोटा कस्बे के समीप टियाले दा घाट पर हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस के टियाले दा घाट पर मुड़ने के दौरान एक कार अचानक उसके सामने आ गयी। कार से बचने के लिए चालक ने बस बायीं ओर मोड़ दी, जिसके परिणामस्वरूप यह एक पहाड़ी से जा टकरायी।

अधिकारियों ने बताया कि हमीरपुर से वृंदावन जा रही बस में करीब 50 यात्री सवार थे, जिनमें से चालक समेत नौ यात्रियों को गंभीर चोटें आयी हैं और उनका हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।

उन्होंने बताया कि चालक को बस का स्टियरिंग व्हील काटकर निकालना पड़ा।

अधिकारियों ने बताया कि शेष 25 घायल यात्रियों को इलाज के लिए हमीरपुर जिले के भोटा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सहायक उपनिरीक्षक राजेश कुमार की अगुवाई में पुलिस का एक दल घटनास्थल पर पहुंचा और राहत व बचाव अभियान चलाया। स्थानीय कारोबारियों ने भी उनकी मदद की।

पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में एक मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\