विशेष ट्रेन से 26 लोग नगालैंड पहुंचे
अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन के माध्यम से राज्य पहुंचने वाला यह पहला समूह है।
कोहिमा, 14 मई नयी दिल्ली से असम जाने वाली एक विशेष ट्रेन से 26 लोगों का एक समूह बृहस्पतिवार सुबह नगालैंड पहुंचा।
अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन के माध्यम से राज्य पहुंचने वाला यह पहला समूह है।
एक अधिकारी ने बताया कि यह समूह तड़के तीन बजकर 20 मिनट पर दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी एक्स्प्रेस से दिमापुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचा।
उन्होंने बताया कि लौटने वालों में 21 नगालैंड के और बाकी मणिपुर के हैं।
अधिकारी ने बताया कि राज्य पहुंचे सभी लोगों की जांच की गई। नगालैंड के लोगों को एक पृथक केंद्र में ले जाया गया जबकि जो मणिपुर से लौटे थे वे निजी वाहन से अपने गृह राज्य की ओर रवाना हो गए।
नगालैंड कृषि उत्पाद आयुक्त और कोविड-19 संबंध में अधिकार प्राप्त समूह के दीमापुर संयोजक किखेटो सेमा ने बताया कि इसी बीच पूर्वोत्तर के विभिन्न हिस्सों में फंसे नगालैंड के 221 व्यक्ति मंगलवार और बुधवार को लौट आए और उन्हें दीमापुर में संस्थानिक पृथक वास में रखा गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य वापस आए 221 लोगों में से 31 मंगलवार को घर पहुंचे तथा 190 लोग बुधवार रात में घर पहुंचे।
सेमा ने पीटीआई- को बताया कि 221 लोगों की जांच की जाएगी और अगर इनमें संक्रमण के लक्षण नहीं दिखेंगे तो इन्हें तीन दिन तक संस्थान में पृथक रखा जाएगा और इसके बाद 14 दिन तक घर में पृथक वास में रहने के लिए भेजा जाएगा। वहीं किसी भी राज्य से ट्रेन से लौट रहे लोगों को 14 दिन के लिए अनिवार्य तौर पर पृथक केंद्र में रखा जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)