देश की खबरें | आगरा में उत्पीड़न से परेशान 19 वर्षीय युवती ने खुदकुशी की; कांग्रेस ने उप्र सरकार पर साधा निशाना

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आगरा में कुछ पुरुषों द्वारा कथित तौर पर परेशान किए जाने से परेशान 19 वर्षीय एक युवती ने तेजाब पीकर खुदकुशी कर ली। विपक्षी कांग्रेस ने इस घटना को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है।

नोएडा, तीन सितंबर आगरा में कुछ पुरुषों द्वारा कथित तौर पर परेशान किए जाने से परेशान 19 वर्षीय एक युवती ने तेजाब पीकर खुदकुशी कर ली। विपक्षी कांग्रेस ने इस घटना को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है।

पुलिस अधीक्षक (आगरा पश्चिम) सत्य गुप्ता ने कहा कि मामले में आरोपी के रूप में नामजद तीन लोगों में से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है।

अधिकारी ने कहा, "युवती आगरा के मालपुरा इलाके में रहती थी। उसके पिता द्वारा की गई शिकायत के अनुसार, उसको तीनों आरोपियों ने लगातार परेशान किया, जिसके कारण उसने बृहस्पतिवार को अपने घर में रखा तेजाब पी लिया।"

गुप्ता ने कहा, "महिला को गंभीर हालत में एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया और स्थानीय थाने में तुरंत प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस टीम उसका बयान दर्ज करने के लिए अस्पताल पहुंची और स्थानीय मजिस्ट्रेट को भी सूचित किया गया। मजिस्ट्रेट ने उसकी मृत्यु से पहले उसका बयान दर्ज किया।”

अधिकारी ने बताया कि महिला के पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में टीटू, उसके पिता चंद्रभान और विजय को आरोपी बताया गया है।

उन्होंने बताया कि मामले में और सबूत जुटाए जा रहे हैं तथा कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस बीच, कांग्रेस ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश पुलिस ने महिला की शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं की।

कांग्रेस की उप्र इकाई ने हिंदी में ट्वीट किया, "आगरा में 19 वर्षीय लड़की ने उत्पीड़न के चलते तेजाब पीकर आत्महत्या कर ली लेकिन उत्पीड़न की शिकायत पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। मिशन शक्ति अभियान, पिंक बूथ और महिला हेल्प डेस्क चलाने का दिखावा करने वाले मुख्यमंत्री कब नींद से जागेंगे।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\