देश की खबरें | नल्हड़ मंदिर में 15 साधु-संतों, दक्षिणपंथी समूह के नेताओं ने की प्रार्थना

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. नूंह जिला प्रशासन ने 15 साधु- संतों और दक्षिणपंथी समूहों के नेताओं को सोमवार को हरियाणा के इस जिले के नल्हड़ इलाके में स्थित शिव मंदिर में पूजा करने की अनुमति दी।

नूंह (हरियाणा), 28 अगस्त नूंह जिला प्रशासन ने 15 साधु- संतों और दक्षिणपंथी समूहों के नेताओं को सोमवार को हरियाणा के इस जिले के नल्हड़ इलाके में स्थित शिव मंदिर में पूजा करने की अनुमति दी।

‘सर्व जातीय हिंदू महापंचायत’ के ‘शोभा यात्रा’ के आह्वान के मद्देनजर नूंह को किले में तब्दील कर दिया गया है।

अधिकारियों ने 31 जुलाई को हुई सांप्रदायिक हिंसा के मद्देनजर सोमवार को यात्रा की अनुमति नहीं दी, लेकिन स्थानीय लोगों को श्रावण महीने के आखिरी सोमवार को अपने पास के मंदिरों में पूजा-अर्चना करने की अनुमति दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यात्रा के आह्वान के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं और नूंह आ रहे कुछ साधु-संतों को गुरुग्राम में रोक दिया गया।

दिल्ली-गुरुग्राम सीमा से नूंह तक पांच प्रमुख चौकियां स्थापित की गई हैं और मीडिया के वाहनों को तीसरी चौकी से आगे जाने की अनुमति नहीं है।

अधिकारियों के अनुसार, अयोध्या के हिंदू संत जगद्गुरु परमहंस आचार्य के वाहन को सोहना के पास गमरोज टोल प्लाजा पर रोक दिया गया।

आचार्य ने संवाददाताओं से कहा कि वह और उनके अनुयायी नल्हड़ मंदिर में जलाभिषेक के लिए सरयू नदी का जल और अयोध्या की मिट्टी ले जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके विरोध में वह टोल प्लाजा के पास भूख हड़ताल पर बैठ गए।

नूंह के उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि लगभग 15 साधु- संतों और कुछ हिंदूवादी संगठनों के नेताओं को नल्हड़ स्थित शिव मंदिर जाने की अनुमति दी गई है और वे वहां ‘जलाभिषेक’ करेंगे। महामंडलेश्वर स्वामी धर्म देव और स्वामी परमानंद उस समूह में शामिल हैं, जिन्हें मंदिर में जाने की अनुमति दी गई।

नल्हड़ मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद यह समूह कुछ स्थानीय लोगों के साथ फिरोजपुर झिरका के झिर मंदिर के लिए रवाना हुआ।

बजरंग दल के गुरुग्राम जिला संयोजक प्रवीण हिंदुस्तानी ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि सीमित संख्या में लोगों ने ‘यात्रा’ में हिस्सा लिया और वे अब कड़ी सुरक्षा के बीच बस से झिर मंदिर के लिए रवाना हो गए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\