बेंगलुरु/हैदराबाद, 25 दिसंबर कर्नाटक में सोमवार को कोविड-19 के 125 नए मामले सामने आए जबकि बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण तीन मरीजों की मौत हो गई। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने एक बुलेटिन जारी कर यह जानकारी दी।
बुलेटिन के मुताबिक राज्य में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 436 हो गयी है। बीते 24 घंटे में कम से कम 30 मरीजों को संक्रमण से ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी।
कर्नाटक में बीते 24 घंटे में 3,155 नमूनों की कोविड-19 की जांच की गयी।
बुलेटिन के मुताबिक 22 दिसंबर को दक्षिण कन्नड़ में, 23 दिसंबर को हासन में और 24 दिसंबर को दक्षिण कन्नड़ में कोविड-19 से संबंधित मौत के एक-एक मामले दर्ज किए गए।
वहीं, कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव ने सोमवार को कहा कि राज्य में अब तक कोरोना वायरस के उप-स्वरूप ‘जेएन.1’के 35 मामले सामने आए हैं।
दिनेश गुंडू राव ने कहा, ‘‘ हम इस संबंध में कल विस्तृत जानकारी, सटीक आंकड़े साझा करेंगे, क्योंकि कल हम कोविड संबंधित कैबिनेट उप-समिति की बैठक करेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक राज्य में अब तक कोरोना वायरस के उप-स्वरूप ‘जेएन.1’के 35 मामले सामने आए हैं। ’’
इस बीच, तेलंगाना में सोमवार को कोविड-19 के 10 नए मामले दर्ज किए गए, जिनमें से संक्रमण के नौ मामले हैदराबाद से और एक मामला करीमनगर में सामने आया। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने एक बुलेटिन जारी कर यह जानकारी दी।
स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के मुताबिक राज्य में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 55 हो गयी है। इस दौरान तेलंगाना में कोविड-19 के कारण किसी मरीज की मौत नहीं हुई। सोमवार को कुल 989 नमूनों की कोविड-19 जांच की गयी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY