देश की खबरें | 114 वर्षीय मैराथन धावक फौजा सिंह की जालंधर में सड़क दुर्घटना में मौत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जाने-माने मैराथन धावक फौजा सिंह की सोमवार को पंजाब में जालंधर जिले के अपने पैतृक गांव में एक सड़क हादसे में मौत हो गई। वह 114 वर्ष के थे।

चंडीगढ़, 14 जुलाई जाने-माने मैराथन धावक फौजा सिंह की सोमवार को पंजाब में जालंधर जिले के अपने पैतृक गांव में एक सड़क हादसे में मौत हो गई। वह 114 वर्ष के थे।

सिंह टहल रहे थे तभी एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।

लेखक खुशवंत सिंह ने फौजा सिंह के परिवार के सदस्यों से बात की और उनके निधन की पुष्टि की।

पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि उन्हें फौजा सिंह की मौत की खबर से ‘‘गहरा दुख’’ हुआ है।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मैं महान मैराथन धावक और दृढ़ता के प्रतीक सरदार फौजा सिंह जी के निधन से बहुत दुखी हूं। उन्होंने 114 वर्ष की आयु में बेजोड़ उत्साह के साथ ‘नशा मुक्त, रंगला पंजाब’ मार्च में मेरे साथ भाग लिया था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उनकी विरासत पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रेरणा देती रहेगी। ओम शांति ओम।’’

पंजाब के पूर्व राज्य सूचना आयुक्त खुशवंत सिंह ने फौजा सिंह की जीवनी ‘द टर्बन्ड टॉरनेडो’ लिखी है।

खुशवंत ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मेरा ‘टर्बन्ड टॉरनेडो’ अब नहीं रहा। मुझे परम श्रद्धेय फौजा सिंह के निधन की खबर देते हुए बहुत दुख हो रहा है। अज्ञात वाहन ने आज अपराह्न लगभग साढ़े तीन बजे उन्हें उस समय टक्कर मार दी जब वह उनके गांव बियास में सड़क पार कर रहे थे। मेरे प्यारे फौजा, आपकी आत्मा को शांति मिले।’’

संपर्क किये जाने पर खुशवंत सिंह ने बताया कि उन्होंने फौजा सिंह के परिवार के सदस्यों से बात की है और उन्होंने उनकी मौत की खबर की पुष्टि की है।

सड़क दुर्घटना के बाद फौजा सिंह को जालंधर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी मौत हो गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\