ताजा खबरें | इस साल देश भर में 1,000 खेलो इंडिया केंद्र खोले जाएंगे : ठाकुर
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास के प्रति सरकार के गंभीर होने का दावा करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा में कहा कि इस साल देश भर में 1,000 खेलो इंडिया केंद्र खोले जाएंगे जिनमें से 227 ऐसे केंद्र पूर्वोत्तर राज्यों में होंगे।
नयी दिल्ली, तीन अगस्त पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास के प्रति सरकार के गंभीर होने का दावा करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा में कहा कि इस साल देश भर में 1,000 खेलो इंडिया केंद्र खोले जाएंगे जिनमें से 227 ऐसे केंद्र पूर्वोत्तर राज्यों में होंगे।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री ठाकुर ने उच्च सदन में प्रश्नकाल के दौरान पूरक सवालों का जवाब देते हुए कहा कि सरकार का प्रयास देश के हर जिले में एक खेलो इंडिया केंद्र खोलने का है लेकिन पूर्वोत्तर राज्यों में हर जिले में दो केंद्र खोलने पर जोर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया और सरकार उस क्षेत्र में खेल संबंधी बुनियादी ढांचे के विकास के लिए गंभीर है।
उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र में खेल बुनियादी ढांचा के विकास के लिए करीब 75 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है जिनमें करीब 520.60 करोड़ रूपये का खर्च आएगा।
ठाकुर ने कहा कि पूर्वोत्तर राज्य देश में खेल महाशक्ति के केंद्र हैं और इन्होंने अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कई खिलाड़ी देश को दिए हैं। उन्होंने कहा कि खेल के राज्य का विषय होने के कारण खेल अवसंरचना के विकास सहित खेलों के विकास की जिम्मेदारी मुख्य रूप से राज्य सरकारों की है और केंद्र कमियों को दूर करके उनके प्रयासों में मदद करता है।
ठाकुर ने कहा कि सरकार ने अब तक का पहला राष्ट्रीय खेल विश्वविद्यालय मणिपुर में स्थापित किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)