देश की खबरें | आदिवासी युवकों को पेड़ से बांधकर पीटने के मामले में 10 लोग गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में मछली चोरी करने के आरोप में ग्रामीणों ने सात आदिवासी युवकों की पेड़ से बांधकर पिटाई कर दी। पुलिस ने इस मामले में सरपंच के पति समेत 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।

बलरामपुर, 21 जून छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में मछली चोरी करने के आरोप में ग्रामीणों ने सात आदिवासी युवकों की पेड़ से बांधकर पिटाई कर दी। पुलिस ने इस मामले में सरपंच के पति समेत 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।

बलरामपुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत चेर गांव में तालाब से मछली चोरी करने के आरोप में सात आदिवासी युवकों की पिटाई करने के आरोप में पुलिस ने ग्राम पंचायत के सरपंच के पति सत्यम यादव, जितेंद्र प्रताप यादव, बासदेव यादव, आलोक यादव, जयप्रकाश यादव, बंशीधर यादव, दीनानाथ यादव, देवसाय यादव, जमुना यादव और जितेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि चेरा गांव में इस महीने की 15 तारीख को सत्यम यादव और उसके साथियों ने आदिवासी युवकों राजकुमार पंडो (22), देवरूप पंडो (30), रामबली पंडो (35), लालबिहारी पंडो (15), मंधारी पंडो (30), राजकुमार पंडो (22) और रामधनी पंडो (35) की पेड़ से बांधकर पिटाई कर दी थी।

उन्होंने बताया कि यादव और उसके साथियों ने आदिवासी युवकों पर गांव के तालाब में पाली गई मछलियों को चोरी करने का आरोप लगाया था। उन्होंने युवकों पर 35-35 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया था। बाद में जब घटना का वीडियो वायरल हुआ तब पुलिस को मामले की जानकारी मिली।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आज सोमवार को चेरा गांव के निवासी रामधनी पंडो ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया तब पुलिस ने आरोपी ग्रामीणों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\