क्राइम

Jharkhand Naxalite Encounter: झारखंड के चाईबासा में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 10 लाख के इनामी सहित चार नक्सली ढेर

झारखंड के चाईबासा जिला अंतर्गत गुवा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में चार माओवादी नक्सली मारे गए हैं. इनमें एक महिला भी शामिल है. चाईबासा के एसपी आशुतोष शेखर ने मुठभेड़ की पुष्टि की है.

Jharkhand Naxalite Encounter: झारखंड के चाईबासा में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 10 लाख के इनामी सहित चार नक्सली ढेर
Credit -File Photo

Jharkhand Naxalite Encounter:  झारखंड के चाईबासा जिला अंतर्गत गुवा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में चार माओवादी नक्सली मारे गए हैं. इनमें एक महिला भी शामिल है. चाईबासा के एसपी आशुतोष शेखर ने मुठभेड़ की पुष्टि की है. उन्होंने कहा है कि चार नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है. मुठभेड़ स्थल पर सर्च ऑपरेशन जारी है.

मारे गए नक्सलियों में तीन पर सरकार ने इनाम घोषित कर रखा था. इनमें 10 लाख रुपए का इनामी जोनल कमांडर सिंगराई उर्फ मनोज, पांच लाख का इनामी सब-जोनल कमांडर कांडे होनहागा उर्फ दिरशुम, दो लाख का इनामी एरिया कमांडर सूर्या उर्फ मुंडा देवगम शामिल है. इनके अलावा जिस महिला नक्सली की मौत हुई है, उसकी पहचान जुनगा पूर्ति उर्फ मारला के रूप में की गई है. बताया गया कि गुवा के जंगल में नक्सलियों के इकट्ठा होने की सूचना पर सुरक्षा बलों और पुलिस की टीम संयुक्त पेट्रोलिंग पर निकली थी. यह भी पढ़ें:- Encounter In Chattisgarh: छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 8 नक्सली ढेर, एक जवान शहीद

इसी दौरान नक्सलियों ने उन पर अचानक गोलीबारी शुरू कर दी. जवानों ने भी मोर्चा लेकर जवाबी फायरिंग की. लगभग घंटे भर चली मुठभेड़ के बाद मौके से चार नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं. दो नक्सलियों को गिरफ्तार भी किया गया है. कुछ नक्सलियों के घायल होने की भी सूचना है. सुरक्षा बलों की ओर से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. मौके से पुलिस ने कई हथियार और अन्य सामान भी बरामद किए हैं.

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 17, 2024 10:44 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).