Aadhaar Biometric: 5 से 17 साल के बच्चों का आधार बायोमेट्रिक अपडेट 30 सितंबर तक मुफ्त, UIDAI ने अभिभावकों से समय से पहले अपडेट कराने की अपील की

प्राधिकरण ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी देते हुए कहा कि जब बच्चा 5 वर्ष और 15 वर्ष की आयु में पहुंचता है, तो उसके बायोमेट्रिक विवरण का अद्यतनीकरण करना अनिवार्य होता है.

Aadhaar Biometric Update for Children: 5 से 17 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए अनिवार्य आधार बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा 30 सितंबर तक पूरी तरह से मुफ्त रहेगी. भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने सभी माता-पिता और अभिभावकों को सलाह दी है कि वे अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए निर्धारित तिथि से पहले अपने बच्चों का बायोमेट्रिक विवरण अपडेट करवा लें.

प्राधिकरण ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी देते हुए कहा कि जब बच्चा 5 वर्ष और 15 वर्ष की आयु में पहुंचता है, तो उसके बायोमेट्रिक विवरण का अद्यतनीकरण करना अनिवार्य होता है.

क्यों आवश्यक है बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट?

5 वर्ष से कम उम्र के बच्चों का आधार बनाते समय केवल उनकी जनसांख्यिकीय (डेमोग्राफिक) जानकारी और फोटो ही ली जाती है. इस उम्र में बच्चों के फिंगरप्रिंट और आंखों की पुतलियों (आईरिस) के निशान पूरी तरह विकसित नहीं होते, इसलिए बायोमेट्रिक डेटा रिकॉर्ड नहीं किया जाता है.

बच्चे के 5 वर्ष का होने पर पहली बार और 15 वर्ष की आयु में दूसरी बार बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) कराना आवश्यक होता है. इससे बच्चे का आधार रिकॉर्ड सटीक रहता है और स्कूल में प्रवेश, प्रतियोगी परीक्षाओं, छात्रवृत्ति तथा अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने में कोई बाधा नहीं आती है.

30 सितंबर तक मिलेगी मुफ्त सुविधा

नियमों के अनुसार, 7 से 15 वर्ष के उन बच्चों के बायोमेट्रिक अपडेट पर लगने वाले शुल्क को समाप्त करने के लिए UIDAI ने 1 अक्टूबर 2025 से एक वर्ष की विशेष छूट दी थी. इसी छूट व्यवस्था के तहत यह सेवा 30 सितंबर तक निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है.

UIDAI ने अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे देरी न करते हुए अपने नजदीकी आधार सेवा केंद्र पर जाकर प्रक्रिया पूरी कराएं. 12 अंकों का आधार नंबर भारत में पहचान सत्यापन का एक प्रमुख दस्तावेज है, जिसका उपयोग शैक्षणिक और कल्याणकारी सेवाओं के निष्पादन में अनिवार्य रूप से होता है

Share Now