भोपाल, नौ जून मध्य प्रदेश में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने रविवार को यहां प्रदर्शन कर कथित नर्सिंग कॉलेज घोटाले के सिलसिले में राज्य में मंत्री विश्वास सारंग को गिरफ्तार करने की मांग की।
इस घोटाले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) कर रहा है।
एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछार की।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शन पूर्व अनुमति के बगैर किया गया और कानून व्यवस्था बरकरार रखने के लिए 15 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया गया।
युवा कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के प्रमुख मितेंद्र दर्शन सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने तत्कालीन चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग को कथित घोटाले के सिलसिले में गिरफ्तार करने की मांग की।
सीबीआई राज्य के कई नर्सिंग कॉलेजों के कामकाज में घोर अनियमितताओं से संबंधित घोटाले की जांच कर रही है। इन शिक्षण संस्थानों में बुनियादी ढांचे का अभाव है, जबकि कुछ केवल कागजों पर ही मौजूद हैं।
सिंह ने दावा किया कि घोटाला भाजपा नेताओं की मिलीभगत से किया गया और सभी आरोपियों को गिरफ्तार किये जाने तक लड़ाई जारी रहेगी।
युवा कांग्रेस के मीडिया प्रकोष्ठ प्रमुख विवेक त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि सारंग, भाजपा नेता और अधिकारी इस घोटाले में शामिल हैं और सरकार उन्हें बचाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि सारंग को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए और सीबीआई जांच का सामना करना चाहिए।
पिछली भाजपा सरकार में चिकित्सा शिक्षा मंत्री रहे सारंग मौजूदा सरकार में खेल एवं युवा कल्याण विभाग संभाल रहे हैं।
राज्य सरकार ने पिछले महीने 66 कॉलेजों की मान्यता रद्द कर दी थी, क्योंकि वे संचालित किये जाने के मानकों पर खरे नहीं उतरे थे।
मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के निर्देश के बाद सीबीआई, घोटाले की जांच कर रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY