कोलकाता, पांच अगस्त पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर जिले में शुक्रवार देर रात एक कार हादसे में एक सहायक उप-निरीक्षक समेत दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना खड़गपुर ग्रामीण इलाके में दीघा-खड़गपुर के ओडिशा ट्रंक रोड पर बेनापुर रेलवे फाटक पर हुई।
मृतकों की पहचान खड़गपुर ग्रामीण पुलिस थाने के एएसआई रामानंद डे और खड़गपुर शहर के व्यापारी जहांगीर शेख के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि डे बेनापुर रेलवे फाटक पर पुलिस वैन से उतरकर ओडिशा ट्रंक रोड पर खड़े थे तभी तेजी से आई लक्जरी कार ने उन्हें टक्कर मार दी जिसे जहांगीर चला रहा था। इसके बाद कार रेलवे फाटक पर स्थित चौकी और बाएं ओर स्थित चाय की दुकान से टकरा गई।
पुलिस को क्षतिग्रस्त कार से घायलों को बाहर निकालने में बड़ी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय निवासियों की मदद से एक-एक कर पांच लोगों को निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।
शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए खड़गपुर उपमंडल मुर्दाघर भेज दिया गया है।
जहांगीर और उसके साथी हादसे के वक्त पश्चिम मेदिनीपुर के मकरमपुर में एक ढाबे से खड़गपुर लौट रहे थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY