देश की खबरें | उत्तर प्रदेश : कावंड़ियों पर हेलीकॉप्टर से बरसाए गए फूल

प्रयागराज (उत्तर प्रदेश), 31 जुलाई उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सावन माह के चौथे सोमवार को कावंड़ियों पर एक हेलीकॉप्टर से फूल बरसाए गए। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

बयान में बताया गया कि राज्य सरकार ने पूर्व में भी भगवान शिव के श्रद्धालुओं पर फूल बरसाए थे। बयान के मुताबिक, इसके अलावा श्रद्धालुओं की सहूलियत और सुरक्षा के इंतजाम भी किए गए थे।

बयान के अनुसार, संगम स्थित गंगा के तटों और जिले के उन सभी मार्गों पर, जहां-जहां से कावंड़िए गुजरे, फूल बरसाए गए हैं।

प्रयागराज के जिलाधिकारी संजय कुमार खतरी ने बताया कि आदि शिवालय श्री ब्रह्मेश्वर महादेव मंदिर, श्री मनकामेश्वर मंदिर और संगम घाटों से जल लेकर वाराणसी की ओर जा रहे शिव भक्तों पर चार चरणों में फूल बरसाए गए।

सरकार की ओर से जारी एक बयान में बताया गया है कि संगम और गंगा तट पर बोल-बम के जयकारों से माहौल गूंज उठा। बयान के मुताबिक, काशी, मेरठ, सहारनपुर, बाराबंकी और अयोध्या समेत विभिन्न शहरों में भी यह परंपरा देखी गई है।

प्रयागराज पुलिस आयुक्त रमित शर्मा के मुताबिक, शिवभक्तों द्वारा प्रयोग किए जा रहे सभी रास्तों पर निरंतर गश्त लगाई जा रही है और संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से नजर रखी जा रही है।

बयान में बताया गया है कि सुरक्षा बढ़ाने के लिए कांवड़ यात्रा मार्गों के साथ-साथ खतरनाक मोड़ों पर 'साइनबोर्ड' लगाए गए हैं। बयान के मुताबिक, भक्तों के मार्गों पर कोई भी अंडा-मीट-मछली की दुकान खुली हुई नहीं है, क्योंकि इस बाबत संबंधित पुलिस थाने के कर्मियों को आदेश जारी किया गया था।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका जायजा ले रहे हैं और उन्होंने सावन के दूसरे सोमवार को मेरठ-दिल्ली राजमार्ग पर कावंड़ियों पर खुद फूल बरसाए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)