नयी दिल्ली, 31 जुलाई रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा और दत्तात्रेय होसबोले सहित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पदाधिकारियों ने सोमवार को यहां मदन दास देवी को श्रद्धांजलि दी।
आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक मदन दास देवी का 24 जुलाई को सुबह बेंगलुरु में निधन हो गया था। वह 81 वर्ष के थे।
एक बयान में कहा गया कि पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, धर्मेंद्र प्रधान, पीयूष गोयल और अनुराग ठाकुर उन अन्य गणमान्य व्यक्तियों में शामिल थे, जिन्होंने शोक सभा में भाग लिया।
बयान के मुताबिक, देवी ने 22 साल तक आरएसएस के छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के राष्ट्रीय संगठन मंत्री के रूप में कार्य किया था। उन्होंने एबीवीपी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
होसबोले ने कहा कि देवी ने संगठन के निर्माण के साथ ही इसके कार्यकर्ताओं को आकार देने में एक अहम भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि दिवंगत आरएसएस पदाधिकारी ने उनके विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
नड्डा ने कहा कि देवी आरएसएस के कई सदस्यों और अन्य लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि देश और समाज के प्रति उनका समर्पण हमेशा उनका मार्गदर्शन करता रहेगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY