तिरुवनंतपुरम, सात मार्च केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी डी सतीशन ने शुक्रवार को कहा कि उनका कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) राज्य में मादक पदार्थ माफिया के खिलाफ संगठित विरोध के लिए धार्मिक और सामुदायिक नेताओं, सामाजिक संगठनों, सांस्कृतिक और सार्वजनिक क्षेत्र की हस्तियों से समर्थन मांगेगा।
सतीशन के कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, सतीशन इन नेताओं और कार्यकर्ताओं को पत्र भेजेंगे और राज्य में मादक पदार्थ के प्रसार से निपटने में उनका समर्थन मांगने के लिए उनसे सीधे मुलाकात भी करेंगे।
बयान में विपक्षी नेता सतीशन ने कहा कि राज्य एक अभूतपूर्व सामाजिक संकट का सामना कर रहा है, जहां बच्चे, छात्र और युवा ‘‘मादक पदार्थ के आदी हो रहे हैं और नशे के प्रभाव में हिंसा या हत्याओं में लिप्त हो रहे हैं।"
उन्होंने कहा, ‘‘इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। हमें अब और चुप नहीं रहना चाहिए। हमें भावी पीढ़ियों की सुरक्षा के लिए नशे की लत की सामाजिक बुराई के खिलाफ मिलकर लड़ना होगा। इसका लक्ष्य मादक पदार्थ माफिया के खिलाफ व्यापक प्रतिरोध पैदा करना है।’’
सतीशन ने कहा कि राज्य में मादक पदार्थ की आपूर्ति के स्रोतों की पहचान करने और उन्हें बंद करने में विफल रहने से केरल पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि मादक पदार्थ माफिया 15 मिनट के भीतर राज्य के सबसे दूरदराज के इलाकों में भी मादक पदार्थ की आपूर्ति कर सकते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि रासायनिक पदार्थों सहित मादक पदार्थ के व्यापक उपयोग के बावजूद, सरकार "मादक पदार्थ माफिया गिरोहों को राजनीतिक संरक्षण प्रदान कर रही है।"
सतीशन ने इस बात पर जोर दिया कि "चाहे कोई भी संरक्षण प्रदान करे," सभी को "केरल को मादक पदार्थ माफिया की पकड़ से बचाने" के लिए एकजुट होना चाहिए।
उन्होंने जनता के भय को खत्म करने, बढ़ती हिंसा को रोकने और राज्य में मादक पदार्थ के प्रसार के लिए जिम्मेदार लोगों को पकड़ने के लिए एक व्यापक कार्य योजना बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, "इस प्रयास के हिस्से के रूप में, समाज के सभी स्तरों से सक्रिय हस्तक्षेप आवश्यक है।"
उन्होंने कहा कि संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने विधानसभा के अंदर और बाहर दोनों जगह राज्य में मादक पदार्थ के प्रसार के बारे में लगातार चिंता जतायी है और मादक पदार्थ के उपयोग के विरोध में सचिवालय के बाहर एक दिवसीय उपवास भी आयोजित किया था।
सतीशन ने राज्य सरकार पर निष्क्रियता का आरोप लगाया और कहा कि इसके परिणामस्वरूप, यूडीएफ व्यापक समर्थन के साथ मादक पदार्थ माफिया के खिलाफ एक जन आंदोलन शुरू करेगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY