नयी दिल्ली, 20 जून पुलिस ने भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) की फर्जी वेबसाइट बनाने और इस पर भर्ती विज्ञापन निकालकर नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को ठगने की कोशिश के आरोप में हरियाणा के एक शिक्षक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने कहा कि आरोपियों की पहचान हरियाणा के अंबाला निवासी परब शरण सिंह (27) और सोनीपत निवासी विजय कुमार (42) के रूप में हुई है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि मामला उस वक्त सामने आया जब एफसीआई की ओर से प्राप्त शिकायत में निगम का नाम इस्तेमाल करते हुए दो फर्जी वेबसाइट बनाए जाने की सूचना दी गई।
उन्होंने कहा कि दोनों फर्जी वेबसाइट का नाम लगभग एफसीआई की असली वेबसाइट जैसा ही था।
यह भी पढ़े | कोरोना के मुंबई के धारावी में आज 7 मरीज पाए गए: 20 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.
पुलिस उपायुक्त (साइबर सेल) अनयेष रॉय ने कहा, '' जांच के दौरान, पुलिस ने तकनीकी सहायता लेते हुए वेबसाइट बनाने वाले अंबाला के परब शरण सिंह को करीब दो सप्ताह पहले गिरफ्तार किया था। उससे पूछताछ के आधार पर मामले के मुख्य अभियुक्त विजय कुमार को दो दिन पहले गिरफ्तार किया गया।''
पुलिस ने कहा कि जांच में सामने आया कि कुमार अंग्रेजी का शिक्षक है और उसने एफसीआई की फर्जी वेबसाइट बनाकर नौकरी की तलाश करने वालों के साथ ठगी करने की योजना बनायी थी।
उन्होंने कहा कि दो फर्जी वेबसाइट बनाने में कुमार ने अपने साथी सिंह की सहायता ली।
पुलिस ने कहा कि अन्य लोगों के शामिल होने को लेकर भी जांच की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY