देश की खबरें | त्रिपुरा उपचुनाव : दो विधानसभा सीटों पर पहले दो घंटे में 18.71 प्रतिशत मतदान हुआ

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में धनपुर और बॉक्सानगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में मंगलवार को मतदान के पहले दो घंटे के समय में औसतन 18.71 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। निर्वाचन आयोग (ईसी) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अगरतला, पांच सितंबर त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में धनपुर और बॉक्सानगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में मंगलवार को मतदान के पहले दो घंटे के समय में औसतन 18.71 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। निर्वाचन आयोग (ईसी) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि धनपुर विधानसभा क्षेत्र के 59 और बॉक्सानगर के 51 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ और वोट शाम चार बजे तक डाले जाएंगे।

मुख्यमंत्री माणिक साहा ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दो विधानसभा क्षेत्रों में शांतिपूर्ण ढंग से मतदान शुरू हुआ। मैं मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे बाहर आएं और अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग करें। मैं लोगों से मतदान के दौरान शांति बनाए रखने और पिछले विधानसभा चुनाव की तरह शांतिपूर्ण मतदान की मिसाल दोहराने का भी आग्रह करता हूं।’’

पिछले विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर बॉक्सानगर से जीत दर्ज करने में असफल रहे तफज्जल हुसैन इस बार क्षेत्र में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के उम्मीदवार मिजान हुसैन के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।

बॉक्सानगर विधानसभा क्षेत्र में कुल 43,087 मतदाताओं में से 66 प्रतिशत मतदाता अल्पसंख्यक हैं। फरवरी में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में माकपा इस सीट को बरकरार रखने में कामयाब रही थी।

वहीं, कभी वामपंथियों का गढ़ माने जाने वाले धनपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के बिंदू देबनाथ और माकपा के कौशिक देबनाथ के बीच मुकाबला है। इस सीट पर 50,346 मतदाता मतदान के पात्र हैं। सात महीने पहले हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने पहली बार इस सीट पर जीत हासिल की थी।

कांग्रेस और टिपरा मोथा ने इन दो सीटों पर उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवार नहीं उतारे हैं।

माकपा विधायक समसुल हक के निधन के कारण बॉक्सानगर निर्वाचन क्षेत्र में उपचुनाव आवश्यक हो गया था। वहीं, केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक के धनपुर के विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराना जरूरी हो गया था।

वोटों की गिनती आठ सितंबर को की जाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now