ताजा खबरें | लोकसभा में करगिल के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई

नयी दिल्ली, 26 जुलाई लोकसभा ने करगिल विजय दिवस के अवसर पर बुधवार को शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी और उनके परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की।

सदन की कार्यवाही आरंभ होने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने करगिल विजय दिवस का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा, ‘‘इस अवसर पर हम अपने उन वीर जवानों की वीरता, संकल्प शक्ति और प्रतिबद्धता को नमन करते हैं जिन्होंने करगिल के प्रतिकूल मौसम और दुर्गम इलाके में असाधारण वीरता का परिचय देते हुए विजय प्राप्त की।’’

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘यह सभा करगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों को उनके सर्वोच्च बलिदान के लिए उन्हें नमन करती है और उनके परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करती है।’’

इसके बाद पूरे सदन ने कुछ पल मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

भारतीय सेना ने 1999 में लद्दाख की अहम चोटियों पर अवैध तरीके से कब्जा करने वाली पाकिस्तानी सेना को खदेड़ने के लिए एक भीषण जवाबी हमला किया था। करगिल विजय दिवस भारत की अपने पड़ोसी पर जीत को चिह्नित करने के लिए मनाया जाता है।

हक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)