देश की खबरें | असम में पर्यटन दिवस मनाया गया, राज्य में बड़ी संख्या में पर्यटकों को अकर्षित करने का लक्ष्य

गुवाहाटी, 27 सितंबर असम में मंगलवार को विश्व पर्यटन दिवस मनाया गया। कोविड काल के दौरान सुस्त पड़े पर्यटन उद्योग को फिर से जीवंत बनाने के लिए हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में पर्यटकों को पूर्वोत्तर राज्य की ओर आकर्षित करने का लक्ष्य तय किया गया।

असम सरकार ने मुख्य कार्यक्रम का आयोजन काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में किया। इसके अलावा भी पूरे राज्य में जगह-जगह अन्य कार्यक्रम आयोजित किए गए।

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने ट्वीट किया है, ‘‘मां कामख्या का आशीर्वाद, स्वच्छ और निर्मल प्रकृति, समृद्ध अतीत, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविधता के साथ असम पर्यटकों के लिए स्वर्ग है।’’

उन्होंने सभी को असम आने और पर्यटन का आनंद लेने को कहा।

राज्य के पर्यटन मंत्री जयंत मल्ला बरुआ ने ट्वीट किया है, ‘‘अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामाजिक-सांस्कृतिक, राजनीतिक और आर्थिक मूल्यों को प्रभावित करने में पर्यटन की महत्वपूर्ण भूमिका के संबंध में जागरुकता फैलाने के लिए पर्यटन दिवस का आयोजन किया गया।’’

उन्होंने बताया कि कामख्या मंदिर में अम्बुबाची मेला के दौरान बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं, वहीं काफी लोग असम में प्रकृति और वन्यजीवों को देखने भी आते हैं।

काजीरंगा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में पर्यटन मंत्री ने कहा, ‘‘महामारी के बाद हम पर्यटन को नये नजरिए से देख रहे हैं और इस साल के आयोजन की थीम भी यही है।’

अर्पणा मनीषा

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)