देश की खबरें | आम नागरिकों की शिकायतों का समय पर निवारण करना जम्मू-कश्मीर प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता : मनोज सिन्हा

(फोटो के साथ)

जम्मू, 30 अप्रैल जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को कहा कि आम जनता की शिकायतों का समय पर समाधान सुनिश्चित करना उनके प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सिन्हा ने उपराज्यपाल के 'मुलाकात ऑनलाइन' मंच के माध्यम से लोगों के साथ चर्चा करते हुए यह बात कही। उन्होंने समाज के हर वर्ग की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए जिला स्तर पर योजनाओं के समन्वय और निगरानी पर जोर दिया।

सिन्हा ने कहा, ‘‘नागरिकों की शिकायतों का समय पर निवारण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और उपराज्यपाल की मुलाकात इस उद्देश्य को प्राप्त करने का एक प्रभावी माध्यम है। ’’

उन्होंने कहा कि यह चुनौतियों और अवसरों का एक नया युग है और प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए सशक्त होना चाहिए। इस अवसर पर सिन्हा ने नागरिकों की शिकायतें भी सुनीं और उनके तत्काल निवारण के निर्देश जारी किए।

सिन्हा ने गांव के तालाब की सफाई के बारे में कठुआ के एक निवासी की शिकायत पर स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के लिए निवासियों के सामूहिक प्रयास पर जोर दिया।

उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को कृषि और संबद्ध क्षेत्र की समग्र विकास योजना के तहत शुरू किए गए प्रशिक्षण कार्यक्रम ‘किसान संपर्क अभियान’ के कम से कम एक कार्यक्रम में भाग लेने का निर्देश दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)